Home » हांग्जो प्रतिनिधिमंडल ने आगरा महापौर से की मुलाक़ात, इन मुद्दों पर हुई चर्चा

हांग्जो प्रतिनिधिमंडल ने आगरा महापौर से की मुलाक़ात, इन मुद्दों पर हुई चर्चा

by pawan sharma

आगरा में ताजमहल भ्रमण पर आए हांग्जो के मेयर झू लिई के साथ हांग्जो नगर निगम के 14 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को आगरा महापौर नवीन जैन और आगरा नगर निगम अधिकारियों से मुलाकात की। महापौर नवीन जैन और नगर आयुक्त अरुण प्रकाश ने हांग्जो के मेयर और प्रतिनिधिमंडल के सभी सदस्यों का फूल मालाओं से स्वागत किया उसके बाद महापौर कार्यालय में आधिकारिक बैठक हुई। बैठक में महापौर नवीन जैन और मेयर झू लिई ने आगरा – हांग्जो दोनों शहर की निगम कार्यप्रणाली को जाना। दोनों शहर की परस्पर सांस्कृतिक और पर्यटन विरासत की जानकारी का भी आदान प्रदान हुआ। हांग्जो मेयर झू लिई ने जानकारी दी कि उनका शहर चीन के सबसे सुंदर शहर में से एक है। हांग्जो शहर को एक पर्यटन और हेरिटेज सिटी के रूप में विकसित किया गया है। उन्होंने कहा कि हांग्जो नगरपालिका के विदेशी कार्यालय सरकार ने आगरा नगर निगम की प्रसंशा की है। वे चाहते हैं कि आगरा शहर को भी पर्यटन और हेरिटेज शहर के रूप में विकसित किया जाए। इसके लिए उन्होंने महापौर नवीन जैन और निगम के सभी अधिकारियों को अपने हांग्जो शहर के साथ चीन देश में आने का न्यौता दिया।

महापौर नवीन जैन ने इस न्यौते को सहर्ष स्वीकार किया लेकिन हांग्जो मेयर को ये अवगत कराया कि चीन देश में प्योर वेजिटेरिअन रेस्टोरेंट न होने के चलते अक्सर भारतीय पर्यटकों को खान पान की समस्याओं का सामना करना पड़ता है। हांग्जो मेयर ने कहां की आज से पहले किसी ने भी इतना अच्छा सुझाव उन्हें नहीं दिया। उन्होंने भारतीय पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अपने शहर में प्योर वेजीटेरियन रेस्टोरेंट खोलेने का आश्वासन दिया।

महापौर नवीन जैन ने हांग्जो मेयर को आगरा स्मार्ट सिटी में होने वाले विकास कार्य योजनाओं से अवगत कराया और बताया कि अगले 2 सालों में आगरा शहर की तस्वीर बदल जाएगी और ताजमहल की तरह खूबसूरत शहर बन जाएगा। महापौर नवीन जैन ने भारतीय संस्कृति की विशेषता बताते हुए चीन देश के पर्यटकों को ज्यादा से ज्यादा आगरा शहर में ताजमहल देखने आने के लिए आमंत्रित किया।

नगर आयुक्त अरुण प्रकाश ने बताया कि हांग्जो नगरपालिका द्वारा आगरा शहर को हेरिटेज और आधुनिक रूप से विकसित करने के लिए ऑफर किया गया है। जल्द ही हांग्जो मेयर झू लिई के दिये गए निमंत्रण के बाद आगरा शहर से भी महापौर नवीन जैन के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल चीन देश जाएगा जहां चीन के आधुनिक और विकसित शहर की रूप रेखा का अध्ययन करेगा।

इस दौरान जहां हांग्जो मेयर झू लिई ने महापौर नवीन जैन को स्मृति चिह्न भेंट किया वहीं महापौर ने हांग्जो महापौर और सभी डेलिगेशन को ताजमहल की छोटी कृति के रूप में स्मृति चिन्ह भेंट किया।

इस मौके पर अपर नगर आयुक्त विजय कुमार, मुख्य अभियंता तरुण शर्मा, अधिशासी अभियंता ए. के. सिंह आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Comment