आगरा। दीपावली पर गली में जुआ खेलने का विराेध करने पर जुआरियों ने चाट विक्रेता पंछी पर हमला बोल दिया। उनके साथ मारपीट और फायरिंग कर दी। परिजनों पर भी हमला बोला। चाट विक्रेता पंछी का आरोप है कि जुआरी उसे उठाकर ले गए। यमुना में फेंकने का प्रयास किया। हंगामे और मारपीट की जानकारी पर थाने की फोर्स पहुंच गई।
पंछी वाटर वर्क्स चौराहे पर चाट की ठेल लगाता है। उन्होंने पुलिस को बताया कि वह रात में ठेल लेकर घर आ रहा था। गली में कुछ लोग जुआ खेल रहे थे। उसने जुआ खेलने से मना किया। इस पर 10 से 15 जुआरियों ने हमला बोल दिया। आरोप है कि फायरिंग भी हुई। आरोपी समुदाय विशेष के हैं। इस पर तनाव की आशंका थी। सूचना पर पुलिस फोर्स पहुंची। मगर, आरोपी भाग गए।
थाना कमला नगर के प्रभारी निरीक्षक उत्तमचंद पटेल ने बताया कि दो गुट में मारपीट हुई थी। फायरिंग की पुष्टि नहीं हुई है। घायल पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।