Agra. सदर थाना क्षेत्र के उखर्रा में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब दिनदहाड़े अज्ञात हमलावरों ने खुलेआम बाजार में ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। फायरिंग की आवाज सुनकर दुकानदार अपनी दुकानों से बाहर निकल आए तो वहीँ राहगीरों ने इधर-उधर दुबक कर अपनी जान बचाई। एक दुकान से बाहर निकले युवक ने जब यह सब देखा तो उसके होश उड़ गए। जब लोगों को जानकारी हुई तो उनके पैरों तले जमीन ही खिसक गई। क्योंकि जिस युवक की गाड़ी पर ताबड़तोड़ फायरिंग हुई थी वह कुछ देर बाद दूल्हा बनने वाला था। इस घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को भी खंगालने में लगी हुई है।
दिनदहाड़े उखर्रा में कुछ हमलावरों ने दूल्हे की गाड़ी पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर दहशत फैला दी। गनीमत ये रही कि दूल्हा कुछ मिनट पहले ही स्कार्पियो को खड़ी करके दोस्त के साथ पास के सैलून में गया था। अगर युवक सैलून में पहुंचने में कुछ और देर करता तो उसके साथ कुछ भी हो सकता था। इस घटना के बाद युवक दहशत में था क्योंकि कुछ ही देर में उसकी शादी थी और उसे घोड़ी पर भी चढ़ना था।
घटना बीते बुधवार दोपहर तीन बजे की है। सदर इलाके के रहने वाले राहुल की बुधवार को बरात जानी थी। वह अपने दोस्त जितेंद्र के साथ स्कार्पियो से आया था। उसे उखर्रा रोड पर खड़ा करके सामने सैलून में चला गया। बताया जाता है इसी दाैरान बाइक सवार दो हमलावर वहां पहुंचे। उन्होंने स्कार्पियो को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। जिससे गाड़ी का शीशा टूट गया। घटना से व्यस्त रोड पर अफरातफरी मच गई। हमलावर तमंचे लहराते हुए भाग निकले। अनुमान है कि हमलावरों ने रंजिश में गोलियां चलाई होगी। पुलिस इलाके के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।
दिनदहाड़े गोलियां चलाने से आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई है तो कुछ लोग दहशत में भी है। जानकारी के मुताबिक इस घटना को अंजाम देने के बाद बाइक सवार हवा में अपने हथियार लहराने लगे जिसके चलते किसी ने उन्हें पकड़ने का प्रयास नहीं किया। वह आसानी से भाग निकले। लोगों ने 112 नंबर पर सूचना दे दी। थाने का फोर्स मौके पर पहुंच गया था।
दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद पुलिस भी गंभीर दिखाई दे रही है। अज्ञात हमलावरों ने उस युवक को निशाना बनाया जो कुछ देर बाद दूल्हा बनने जा रहा था। इस मामले को लेकर पुलिस कई पहलुओं पर जांच पड़ताल में जुट गई है। पुलिस राहुल और जितेंद्र से जानकारी कर रही है। उनकी किसी से रंजिश है, इसे जानने का प्रयास कर रही है। पुलिस हमलावरों की बाइक का नंबर जानने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाल रही है। सहायक आयुक्त सदर सर्किल अर्चना सिंह ने बताया कि घटना के बारे में छानबीन की जा रही है।