आगरा। फतेहपुर सीकरी शाही जामा मस्जिद में उस समय अफरा तफरी मच गई जब दो पक्ष आमने सामने आ गए और विवाद और मारपीट हो गयी। इस कारण ऐतिहासिक स्मारक घूमने आए विदेशी पर्यटक भी बुरी तरह से सहम गए। दो गुटों में विवाद के कारण पर्यटक शाही जामा मस्जिद में भी नही गए। ऐतिहासिक स्मारक पर विवाद होने की सूचना पर क्षेत्रीय पुलिस और पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुँच गए और दोनों पक्षो को शांत कराकर विवाद को खत्म कराया, साथ ही विवादास्पद स्थिति को भांपते हुए पुलिस अधिकारियों ने पुलिस बल को तैनात कर दिया।
मामला फतेहपुर सीकरी ऐतिहासिक स्मारक का है। सुबह 9 बजे फतेहपुर सीकरी शाही जामा मस्जिद में हजरत शेख सलीम चिश्ती की दरगाह पर चादर पोशी के अधिकार को लेकर दोनो गुटों के करीब सैकड़ो लोग जमा हो गए और आपस में एक दूसरे को मारने पीटने लगे। ऐतिहासिक स्मरक में मारपीट को देखकर विदेशी पर्यटक सहम गए और हजारों मील दूर से आए पर्यटक हजरत शेख सलीम चिश्ती की दरगाह को देखे बिना ही वापस लौट गए। देखते ही देखते मजार पर सन्नाटा हो गया। इधर सूचना मिलते ही मौके पर ASP दीक्षा शर्मा पहुँच गयी और बवालियों को खदेड़ा गया।
सीओ अछनेरा ने बताया कि मामला फतेहपुर सीकरी शाही मजार हजरत शेख सलीम चिश्ती की दरगाह से जुड़ा है। दरगाह पर खादिमो के दो गुट है जो एक दूसरे पट आरोप प्रत्यारोप कर मजार पर बैठने का अपना अपना अधिकार बताते हैं। इनकी यह लड़ाई काफी पुरानी है। यह मामल न्यायालय में विचाराधीन है। आज के विवाद की जांच पड़ताल की जा रही है। कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है।