Home » फतेहपुर सीकरी लोकसभा की सांसद खेल स्पर्धा आज से शुरू, 28 को एकलव्य स्टेडियम में समापन

फतेहपुर सीकरी लोकसभा की सांसद खेल स्पर्धा आज से शुरू, 28 को एकलव्य स्टेडियम में समापन

by admin
Fatehpur Sikri Lok Sabha MP sports competition starts from today, ends on 28 at Eklavya Stadium

आगरा। ओलंपिक खेलों में भारतीय खिलाड़ियों के उत्साहवर्धक परिणामों को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन और नए खिलाड़ी तैयार करने के लिए सांसद खेल स्पर्धा का देश व्यापी आयोजन किया है। प्रत्येक लोकसभा में ये आयोजन हो रहे हैं। इसमें लोकसभा क्षेत्र के ग्रामीण अंचल में रहने वाले खिलाड़ी भी इसमें भाग ले सकेंगे।

इस संबंध में भाजपा जिला आगरा की एक बैठक एकलव्य स्टेडियम आगरा पर इन खेल स्पर्धा की तैयारियों को लेकर हुई। बैठक में फतेहपुर सीकरी लोकसभा के सांसद राजकुमार चाहर ने बताया कि सांसद खेल स्पर्धा का आयोजन मोदी ने इसलिए किया है कि दूर दराज गाँव में रहने वाले प्रतिभावान खिलाड़ी को आगे लाया जा सके। इस खेल स्पर्धा का शुभारंभ कल 15 नवम्बर को सुबह 9 बजे विजय इंटरनेशनल स्कूल बिचपुरी आगरा से होगा। ये खेल प्रतियोगिता 15 से 20 नवम्बर तक प्रत्येक ब्लॉक में आयोजित होंगी। इसमें क्रिकेट, कबड्डी, खो-खो, कुश्ती, बालीबाल, एथलिटिक्स के खेल होंगे।

उन्होंने बताया कि 15 नवंबर प्रातः 9 बजे ब्लॉक बरौली अहीर, बिचपुरी, अकोला के खेल विजय इंटरनेशनल स्कूल बिचपुरी पर होंगे। 16 नवंबर प्रातः 9 बजे से ब्लॉक जगनेर, खेरागढ़, सैंया के खेल माही इंटरनेशनल स्कूल तेहरा पर होंगे। 17 नवंबर प्रातः 9 बजे से ब्लॉक अछनेरा, फतेहपुर सीकरी के खेल मौनी बाबा खेल मैदान किरावली पर होंगे। 19 नवम्बर प्रातः 9 बजे से ब्लॉक बाह, पिनाहट, जैतपुर जरार खेल मैदान बाह में होंगे। 20 नवम्बर प्रातः 9 बजे से ब्लॉक शमशाबाद, फतेहाबाद माउंट लिटेरा स्कूल शमशाबाद रोड पर होंगे।

सांसद खेल स्पर्धा का समापन 28 नवम्बर को एकलव्य स्टेडियम आगरा पर होगा। सांसद राजकुमार चाहर, जिलाध्यक्ष गिर्राज सिंह कुशवाह, बाह विधायक रानी पक्षालिका सिंह, खेरागढ़ के विधायक महेश गोयल ने खेल की तैयारियों की अधिकारियों से जानकारी ली।

Related Articles