मथुरा। साधु-संतों की भजन व तपस्थली श्रीधाम वृन्दावन में 23 फरवरी को हरियाणा की मशहूर गायिका व डांसर सपना चौधरी का डांस प्रोग्राम होना है जिसे लेकर मथुरा के श्री धाम वृन्दावन में तमाम संगठनो में आक्रोश दिनों दिन बढ़ता जा रहा है। सपना चौधरी के कार्यक्रम के विरोध में अब संत समाज भी उतर आया है।
वृंन्दावन एक प्रसिद्ध धार्मिक स्थल है। यूनेस्को ने वृंन्दावन को वर्ल्ड हेरिटेज सिटी श्रेणी में रखा है जिससे करोड़ो लोंगो की धार्मिक आस्था बिहारी जी की नगरी वृंन्दावन से जुड़ी हुई है। लोगों का कहना है कि सपना चौधरी फूहड़ व अश्लील नृत्य के नाम से जानी जाती है। राष्ट्रीय जन उद्योग व्यापार संगठन मथुरा, सन्त कालोनी स्थित तपोवन आश्रम के समीप साधु-सन्तों ने राष्ट्र भक्ति जन चेतना मंच के बैनर तले विरोध प्रदर्शन किया।
राष्ट्रीय जन उद्योग व्यपार संघठन मथुरा की जिला अध्यक्ष कल्पना गर्ग के नेतृत्व में संतों और विद्यार्थियों ने कार्यक्रम के आयोजक और डाँसर सपना चौधरी के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए अपने रोष का इज़हार किया। साथ ही सपना चौधरी को अभद्र डांस के लिए विख्यात बताते हुए सन्त समाज द्वारा कार्यक्रम का पुरजोर विरोध करने की चेतावनी दी गयी। इतना ही नहीं लोगों ने प्रशासन के लिए खिलाफ भी अपना गुस्सा जाहिर किया और कहा कि पवित्र धर्म स्थल पर ऐसे फूहड़ कार्यक्रम के आयोजन की अनुमति कैसे दे दी गई।
बहरहाल सपना चौधरी के कार्यक्रम को लेकर बढ़ते हुए विरोध को लेकर अब देखना होगा कि प्रशासन क्या कार्रवाई करता है।