फ़िरोज़ाबाद। शिकोहाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत आज दोपहर डेढ़ बजे के करीब गृह कलह से तंग युवक ने नहर में छलांग लगा दी। जानकारी होने पर परिजन रोते-बिलखते हुए नहर पर पहुंचे और युवक की तलाश में जुट गए। देर सायं तक युवक की तलाश जारी रही लेकिन युवक कोई पता नहीं चला।
प्रतापपुर चौराहा निवासी दीपक पुत्र राजन सिंह का पत्नी रूबी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। झगड़े के बाद पत्नी अपने दोनों बच्चों को घर पर छोड़ कर मायके चली गई। पत्नी के मायके जाने के बाद दीपक कुछ घंटे इधर-उधर गांव में घूमता रहा और दोपहर एक बजे के करीब मैयामई पुल के समीप पहुंच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि युवक ने अचानक नहर पुल से छलांग लगा दी। कुछ दूर तक गोते खाते हुए दिखा, लेकिन कुछ देर बाद नहर में समा गया। युवक के नहर में डूबने की जानकारी होते ही दीपक के परिवारीजन करुण क्रंदन करते हुए नहर पुल पर पहुंचे और स्थानीय गोताखोरों ने युवक की तलाश शुरू कर दी।
काफी तलाशने के बाद भी देर सायं तक उसका कोई पता नहीं चला। परिजनों का आरोप है कि दीपक की पत्नी गुरुवार सुबह झगड़ा करने के बाद अपने मायके चली गई। इसी से क्षुब्ध होकर दीपक ने नहर में कूद कर आत्महत्या कर ली। पिता के नहर में डूबने की जानकारी होते ही उसकी बेटी वर्षा और पुत्र देव का भी रो-रो कर बुरा हाल है। परिजन दोनों बच्चों को संभाले हुए हैं।