Home » डॉ. भीमरॉव आंबेडकर की अस्थियां चोरी कर 5 करोड़ में बेचने का आरोप

डॉ. भीमरॉव आंबेडकर की अस्थियां चोरी कर 5 करोड़ में बेचने का आरोप

by admin

आगरा। सपोर्ट इंडिया के अध्यक्ष सुरेश चंद सोनी ने बौद्ध विहार चक्की पाठ में रखी बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की अस्थियों को चोरी कर बेचने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि प्रबंधन समिति के अध्यक्ष भंते ज्ञान रत्न ने अमेरिका के वैज्ञानिकों को शोध के लिए बाबा साहब की अस्थियों को करीब 5 करोड़ में बेच दिया। इस पूरे मामले की जानकारी उन्होंने प्रेस वार्ता में बताई।

सपोर्ट इंडिया के अध्यक्ष सुरेश चंद सोनी के इन आरोपों से खलबली मची हुई है। पत्रकार वार्ता के दौरान सपोर्ट इंडिया के अध्यक्ष सुरेश चंद सोनी ने बताया कि बाबा साहब की अस्थियों को छह स्थानों पर रखा गया है। इसमें आगरा भी शामिल है। आगरा में 13 जनवरी 1957 को बाबा साहब के पुत्र यशवंत राव उनकी अस्थियों को चांदी के कलश में लेकर आए थे और चक्कीपाठ में उन्हें स्थापित किया।

यहां तैनात सेवादार को कलश की सफाई के वक्त अस्थियां नहीं मिली। इसकी जानकारी उन्हें हुई तो इसकी शिकायत शासन-प्रशासन करते हुए एफआईआर कराए जाने की मांग की है। शासन से यह भी मांग की है कि केंद्रीय बौद्ध विहार चक्की पाठ की संपत्ति का राज्य सरकार अपने अधीन रखें। रामवीर सिंह कर्दम ने कहा कि इस मामले की जांच नहीं की गई तो समाज के लोग कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन को बाध्य होंगे। क्योंकि यह मामला दलित समाज की आस्था से जुड़ा हुआ है।

वहीं प्रबंध समिति के अध्यक्ष भंतेे ज्ञान रत्न का कहना है कि अस्थियां पूरी तरह से सुरक्षित है और यह हमारी आस्था है। बाबा साहब की अस्थियां परिनिर्वाण दिवस पर दर्शन को रखी जाती हैं। सुरेश चंद्र सोनी बाबा साहब की अस्थियों को अमेरिका को बेचने का आरोप लगा रहे हैं तो उनका नाम भी बता दें जिन्हें यह अस्थियां भेजी गई हैं। मेरे खिलाफ यह दुष्प्रचार साजिश के तहत किया जा रहा है।

Related Articles