Home » आगरा पहुंचे डिप्टी सीएम ने शहीद पृथ्वी सिंह चौहान के परिजनों को दी सांत्वना, सभी कार्यक्रम किये निरस्त

आगरा पहुंचे डिप्टी सीएम ने शहीद पृथ्वी सिंह चौहान के परिजनों को दी सांत्वना, सभी कार्यक्रम किये निरस्त

by admin
Deputy CM reached Agra, consoled the family members of martyr Prithvi Singh Chauhan, canceled all programs

Agra. आज गुरुवार को डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के आगरा में कई कार्यक्रम थे। उन्होंने अपने सभी कार्यक्रम निरस्त कर दिए और वह सीधे दयालबाग स्थित सरन नगर में शहीद विंग कमांडर पृथ्वी सिंह चौहान के घर पहुंचे। यहां पर उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और उन्हें अपनी संवेदनाएं भी व्यक्त की।

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य जैसे ही शहीद पृथ्वी सिंह के घर पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले शहीद पृथ्वी सिंह के पिता से मुलाकात की। उनके कंधे पर हाथ रखा और फिर उनके साथ वार्ता करते हुए घर के अंदर पहुंचे। डिप्टी सीएम ने पृथ्वी सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि भी दी। इसके बाद घर के अंदर परिजनों से मुलाकात की और सरकार की ओर से भी संवेदनाएं व्यक्त की।

शहीद पृथ्वी सिंह के परिजनों ने डिप्टी सीएम को इस पूरे हादसे की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किस तरह से उन्हें इस हादसे की जानकारी हुई। जब उन्हें पता चला कि जनरल बिपिन रावत का प्लेन क्रैश हो गया है तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई क्योंकि उनका बेटा पृथ्वी सिंह ही उनकी प्लेन का पायलट था। इस दौरान परिजनों के आंसू भी छलक गए डिप्टी सीएम ने सभी को शांत कराया।

सभी कार्यक्रम किए निरस्त

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने बताया कि आज पूरा देश और आगरा गमगीन माहौल में है। आगरा ने अपने लाल को खोया है तो देश ने कई होनहार जवान को दिए हैं। आज उनके आगरा में कई कार्यक्रम थे। उन्होंने सारे कार्यक्रम निरस्त कर दिए हैं। आज आगरा आया हूं। परिवार को पार्टी और अपनी ओर से संवेदनाएं व्यक्त की हैं।

शाम तक पहुंचेगा शहीद का शव

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का कहना है कि शहीद पृथ्वी सिंह का पार्थिव शरीर देर शाम तक आगरा पहुंचेगा। आगरा वासी भी उसे श्रद्धांजलि देंगे। परिवार अपने इस लाल के पार्थिव शरीर का इंतजार कर रहे हैं। वहीँ पूरा देश जवानों के परिवारों के प्रति संवेदनाएं प्रकट कर रहा है।

क्या यह हादसा किसी साजिश का शिकार हो सकता है? इस सवाल पर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का कहना था कि ‘इस मामले की जांच भी कराई जाएगी। अगर इस हादसे में किसी तरह की साजिश की बू आती है तो भारतीय सेना उसे नहीं छोड़ेगी।’

Related Articles