आगरा। थाना एत्माद्दौला क्षेत्र में सुदामापुरी नराइच निवासी महिला की हत्या कर दी गई। घटना की जानकारी परिजनों को सुबह हुई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। वहीं एसपी सिटी और डॉग स्क्वायड भी मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका के शरीर पर नाखून से खरोंचने के निशान है। परिजनों की मानें तो महिला की गला दबाकर हत्या की गई है। मौके पर पहुँची पुलिस मामले की जांच कर रही है।
28 वर्षीय अंजली पुत्री गिरिराज किशोर निवासी बसेरा कॉलोनी गल्ला मंडी की शादी 8 वर्ष पूर्व सोनू राठौर निवासी गांव भटौली इटावा से हुई थी। उसके दो बच्चे हैं जिनमें सागर 6 वर्ष का है और आकाश 1 वर्ष का है। अंजलि के भाई ने बताया कि उसकी बहन और जीजा 10 दिन पहले ही सुदामापुरी निवासी देवकीनंदन के मकान में रहने के लिए किराए पर आए हैं। कल रात को अंजलि छत पर सो रही थी, जबकि उसका पति सोनू नीचे कमरे में सो रहा था। बच्चे अंजली के साथ सो रहे थे। रात को किसी समय अंजलि के साथ यह घटना हुई है। उसके गर्दन व हाथ पर नाखून के निशान है। उसका शव बगल में खाली प्लॉट पर मिला।
तड़के सुबह बच्चों के रोने की आवाज सुनकर घर में मौजूद अन्य लोग जाग गए और वह ऊपर पहुंचे, तब उन्हें घटना के बारे में जानकारी हुई। मामले की जानकारी मिलते ही थाना एत्माद्दौला पुलिस मौके पर पहुंच गई और एसपी सिटी प्रशांत वर्मा भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस की सूचना पर डॉग स्क्वाड भी मौके पर पहुंच गया। अब पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
अंजलि के मायके वालों की मानें तो उसकी गला दबाकर हत्या की गई है जिसके बाद उसके शव को बगल में खाली पड़े प्लॉट में फेंक दिया गया है।