Home » केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र को बर्खास्त किए जाने की मांग को लेकर कांग्रेस का धरना प्रदर्शन

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र को बर्खास्त किए जाने की मांग को लेकर कांग्रेस का धरना प्रदर्शन

by admin
Congress's sit-in protest demanding the sacking of Union Minister of State for Home Ajay Mishra

Agra. लखीमपुर खीरी घटना को लेकर कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन लगातार जारी है। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र उर्फ टेनी के बेटे आशीष मिश्र की गिरफ्तारी होने के बाद कांग्रेसियों ने केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र उर्फ टेनी की बर्खास्त किए जाने की मांग शुरू कर दी है। सोमवार को शहर कांग्रेस कमेटी के बैनर तले कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने संजय प्लेस स्थित आयकर भवन पर मौन रहकर धरना दिया और केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र उर्फ टेनी को बर्खास्त किये जाने की मांग की।

हाल ही में लखीमपुर खीरी में हुई घटना में चार किसानों की मौत हो गई थी। बताया जाता है कि इस घटना के जिम्मेदार केंद्रीय गृह राज्य मंत्री के बेटे आशीष मिश्र थे, उन्होंने किसानों पर सीधे गाड़ी चढ़ा दी थी जिसमें किसानों की मौत हो गई थी। इसके बाद प्रदेश की सियासत गर्मा गई थी। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को लखीमपुर जाते समय सीतापुर में हिरासत में ले लिया गया था। दो दिन से अधिक समय तक उन्हें हिरासत में रखा गया था।

प्रियंका गांधी की रिहाई को लेकर कांग्रेसियों ने कलक्ट्रेट में प्रदर्शन भी किया था। लगातार हो रहे विरोध प्रदर्शन के चलते प्रियंका गांधी को छोड़ दिया गया था। प्रियंका और राहुल गांधी लखीमपुर खीरी जाकर पीड़ित परिवारों से मिले थे। कांग्रेसी घटना के बाद से ही मृत किसानों के स्वजनों को एक करोड़ रुपये क्षतिपूर्ति, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र की बर्खास्तगी, आशीष मिश्र उर्फ मोनू की गिरफ्तारी व उसके खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग कर रहे थे। पुलिस ने शनिवार देर रात आशीष मिश्र को गिरफ्तार कर लिया था।

अब कांग्रेसियों ने केंद्रीय गृह राज्य मंत्री की बर्खास्तगी की मांग करना शुरू कर दिया है। जिसको लेकर शहर कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर सोमवार दोपहर कांग्रेसी संजय प्लेस स्थित आयकर भवन पर जुटे। उन्होंने वहां मौन प्रदर्शन शुरू कर दिया।

शहर अध्यक्ष देवेंद्र कुमार चिल्लू ने कहा कि जब तक केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र को बर्खास्त नहीं किया जाएगा, कांग्रेसी चुप नहीं बैठेंगे। उनकी बर्खास्तगी की मांग को लेकर निरंतर प्रदर्शन किए जाएंगे।

पूर्व शहर अध्यक्ष अश्वनी जैन का कहना था कि केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र ने अपने बेटे को बचाने के लाख प्रयास किए लेकिन विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस को आखिरकार उसे गिरफ्तार करना पड़ा। अपने बेटे को बचाने के प्रयास के चलते अब केंद्रीय गृह राज्य मंत्री पर भी कार्रवाई होनी चाहिए। भाजपा सरकार को उन्हें तुरंत इस पद से बर्खास्त कर देना चाहिए।

प्रदर्शन में रमेश पहलवान, संजय शर्मा, शिल्पा दीक्षित, सलीम उस्मानी, अजहर वारसी, सतेंद्र कैम, ताहिर हुसैन, संतोष चौधरी, बासित अली, राजीव गुप्ता, अशोक शर्मा, अदनान कुरैशी, आइडी श्रीवास्तव आदि शामिल रहे।

Related Articles