आगरा। खैरागढ़ ब्लॉक के ग्राम बरबर में आत्महत्या करने वाले किसान रघुनाथ सिंह पुत्र रामजीलाल के परिवार को सांत्वना देने के लिए कांग्रेस का प्रतिनिधि मंडल मृतक के निज निवास पहुँचा। कांग्रेस जिला अध्यक्ष मनोज दीक्षित ने पीड़ित परिवार से मुलाकत की और पूरी घटना की जानकारी लेते हुए परिवार को अपनी संवेदनाए व्यक्त की। इस घटना के बाद मृतक का परिवार टूट गया है तो किसान के कर्ज के कारण आत्महत्या करने पर कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने अपना आक्रोश व्यक्त किया और मृतक किसान की आर्थिक मदद के लिए हर संभव लड़ाई लड़ने की बात कही।
आपको बताते चले कि 28 फरवरी को खेरागढ़ के गांव दूधाधारी में वृद्ध किसान का शव पेड़ से लटका हुआ मिला था। मौके पर पहुँचे मृतक के परिजनों में बताया कि फसल में घाटा होने और बैंक के कर्ज के कारण रघुनाथ परेशान थे, इसी कारण उन्होंने आत्महत्या कर ली।
कांग्रेस जिला अध्यक्ष का कहना था कि सरकार की किसान विरोधी नीतियों के कारण ही आज किसान की दुर्दशा हो रखी है। एक तरफ किसान की फसल बर्बाद हो रही है तो बैंक और साहूकारों के लोन से किसान परेशान है। केंद्र की मोदी और यूपी की योगी सरकार किसानों को ऋण माफी का वायदा तो करती हैं लेकिन उनकी यह योजनाएं कहीं दिखाई नहीं देती जिसके कारण आज किसान आत्महत्या करने को मजबूर है। किसान जन जागरण अभियान के माध्यम से ही किसानों को एकजुट कर उनकी समस्याओं को लेकर संकल्प पत्र भरवाए जा रहे हैं और जल्दी किसानों की समस्या समाधान के लिए किसान विरोधी सरकार के खिलाफ बड़ा आंदोलन किया जाएगा जिससे इस गूंगी बहरी सरकार के कानों तक किसानों की समस्याएं गूंज सकें।