आगरा। मोदी सरकार द्वारा पेट्रोल-डीजल के मूल्य में प्रति लीटर 3 रुपए लगाई गई एक्साइज ड्यूटी के विरोध में शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेन्द्र कुमार चिल्लू व जिलाध्यक्ष मनोज दीक्षित के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पर जोरदार प्रदर्शन किया गया और मोदी-योगी सरकार को जनविरोधी बताते हुए उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। जिला मुख्यालय के बाहर 2 घंटे तक धरना देने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता जिला मुख्यालय में पहुँचे और राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन अपर जिलाधिकारी नगर डॉ प्रभाकांत अवस्थी को सौंपा। ज्ञापन में पैट्रोल डीजल पर लगाई गई एक्साइज ड्यूटी, घरेलू गैस सिलेंडर के मूल्यों को कम किए जाने की मांग की गयी।
प्रदेश महासचिव शबाना खंडेलवाल ने कहा कि बीजेपी सरकार ने एक तरह से लोकतंत्र के चारों स्तंभ पर अपात काल लगाया हुआ है और इस के तहत बीजेपी सरकार के द्वारा अपने तुगलकी फरमान के कारण मनमानी फैसले अपने मित्र अडानी अंबानी व रामदेव के लिए लिए जा रहे हैं, जोकि बहुत ही निंदनीय है। जनता को अब अपने हितों की व देश की अर्थव्यवस्था की रक्षा को बचाए रखने के लिए खुद सड़कों पर उतरना होगा।
पूर्व शहर अध्यक्ष राम टंडन ने कहा कि किसी भी जालिम हुकूमत की उम्र ज्यादा लम्बी नहीं होती है, मोदी सरकार के पाप का घड़ा भर चुका है और देश की जनता इस पाप से भरे घड़े को सड़कों पर उतर कर फोड़ेगी। जिस प्रकार से देश में चारों ओर खुली डकैती जनता की जेब पर अपने तुगलकी फैसलों से देश की जनता, किसानों, बेरोजगारों, मजदूरों व व्यपारियों पर बीजेपी सरकार द्वारा डाले जा रहे हैं, उसका अंत भी अब निकट आ गया है।
पूर्व प्रदेश महासचिव शब्बीर अब्बास ने कहा कि 2014 में जनता को अपने जुमलों से झूठे सपने दिखाने वाले मोदी जी शायद देश की जनता को ठगकर अपने को अज़र व अमर समझ रहे हैं। मोदी जी ने बहुत हुई महंगाई की मार, 2 करोड़ रोजगार, गिरते रुपए, 15 लाख रुपए काला धन लाकर जनता को देने के झूठे सपने दिखाए थे और इसके विपरीत मोदी अपने उद्योगपति मित्रों के हाथों में कांग्रेस द्वारा बनाए गए सारे सरकारी संस्थानों को बेचकर जनता को ठगने का काम कर रहे हैं। देश के इतिहास में मोदी सरकार का नाम काले अध्याय के रूप में लिखा जाएगा।
धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष मनोज दीक्षित ने कहा कि आज देश भाजपा सरकार की आर्थिक गलत नीतियों के कारण देश आज आर्थिक मंदी के दौर से गुजर रहा है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार तेल के दाम गिर रहे हैं। इसके बावजूद केंद्र व राज्य में बैठी भाजपा सरकार पेट्रोल-डीजल के दाम कम नहीं कर रही है और टैक्स बढ़ाकर अपने खजाने को भरने में लगी है। अभी हाल ही में आंधी व ओलावृष्टि से हमारे अन्नदाता किसान की फसल बर्बाद हो गई है। हमारी मांग है कि सरकार फसल का मुआवजा 5-5 लाख रुपए किसानों को दे। जिला अध्यक्ष मनोज दीक्षित ने कहा कि जनहित को ध्यान में रखते हुए पेट्रोल डीजल के दाम कम किए जाएं और किसानों की बर्बाद फसल को मुआवजा शीघ्र दिलाया जाए जिससे किसानों को राहत की सांस मिल सके।
धरना प्रदर्शन के दौरान शहर कांग्रेस अध्यक्ष देवेन्द्र कुमार चिल्लू एडवोकेट ने कहा कि 2014 में कांग्रेस के शासन काल में जब अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में कच्चे तेल के दाम 107 डालर प्रति बैरल था, तो देश की जनता को कांग्रेस सरकार ने लगभग 71 रुपए पैट्रोल दिया और आज अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत मात्र 32 डालर प्रति बैरल है, तो मोदी सरकार अपने चंद उद्योगपति मित्रों को लाभ पहुंचाने के लिए लगभग 75 रुपए पैट्रोल और 65 रुपए डीजल बेच रही है, जिससे कि देश में मंहगाई बढ़ेगी और इसका सीधा असर मोदी सरकार के कारण पहले से ही त्रस्त जनता पर पड़ेगा।