Agra. आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने रणनीति बनाना शुरू कर दिया है। लगातार कांग्रेस पार्टी की ओर से पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को आगरा भेजा जा रहा है जिससे आगरा जिले में जिले की नौ विधानसभा सीटों को मजबूती से लड़ा जाए। कांग्रेस हाईकमान की ओर से छावनी के बाद दक्षिण विधानसभा पर झारखंड विधायक इरफान अंसारी को प्रभारी बनाकर भेजा है। आगरा आए झारखंड विधायक इरफान अंसारी पत्रकारों से रूबरू हुए। पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने दक्षिण विधानसभा सीट का दौरा करने, कार्यकर्ताओं से वहां की समस्याओं को जानने, उस पर पार्टी की कमजोरियों को दूर करने की बात कही।
प्रेस वार्ता के दौरान झारखंड विधायक व दक्षिण विधानसभा प्रभारी इरफान अंसारी ने प्रेस वार्ता के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर जमकर निशाना साधा। उनका कहना था कि प्रदेश में अपराध बढ़ रहा है। पुलिस बेलगाम है और बेटियां सुरक्षित नहीं है। यह कैसा शासनकाल है? मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अब सीधे अपने मठ वापस चले जाना चाहिए और विधानसभा चुनाव में जनता उन्हें मठ रास्ता जरूर दिखाएगी।

झारखंड विधायक इरफान अंसारी का कहना है कि जब झारखंड में विधानसभा चुनाव हुए थे तो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भाजपा का प्रचार प्रसार करने के लिए पहुंचे थे। उनकी सीट पर अपने पार्टी के प्रत्याशी के लिए प्रचार प्रसार करने के दौरान उन्होंने कई ऐसे विवादित मुद्दों को छेड़ जनता को अपने पक्ष में करने का पूरा प्रयास किया लेकिन जनता ने उनका किसी भी कीमत पर साथ नहीं दिया। वह उस सीट से विधायक हुए जहां मुस्लिम नहीं बल्कि अन्य वर्ग का ज्यादा वोट था। इस जीत के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपना मुंह छिपा कर वापस उत्तर प्रदेश आ गए।
झारखंड से कांग्रेस विधायक इरफान अंसारी का कहना था कि उनका सिर्फ एक ही उद्देश्य है कि वह पार्टी और उसके प्रत्याशी को जीत दिलाएं। यह जीत कैसे मिलेगी, यह उन्हें देखना है। उनका मुख्य उद्देश्य और प्राथमिकता है कि कांग्रेस में जो गुटबाजी हो उसे खत्म करें और पार्टी को मजबूत करे।