आगरा। शहर में लगातार बढ़ रहे प्रदूषण से ताज की रंगत बिगड़ रही है। ऐसे में प्रदूषण पर कैसे अंकुश लगाया जाए इस पर चिंतन-मंथन करने के लिए केंद्रीय नियंत्रण प्रदूषण बोर्ड के अध्यक्ष एसपी सिंह परिहार आगरा पहुंचे और सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में इस बात पर चर्चा की गई की कैसे कूड़े का सही प्रबंधन किया जाए। ताकि उससे फैलने वाली गंदगी पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके। बैठक में विभागीय अधिकारियों ने तैयार की गई प्रेजेंटेशन भी केंद्रीय नियंत्रण प्रदूषण बोर्ड के अध्यक्ष के सामने रखी।
बैठक खत्म होने के बाद केंद्रीय नियंत्रण प्रदूषण बोर्ड के अध्यक्ष और जिला अधिकारी एन जी रवि कुमार सर्किट हाउस से निकले और सबसे पहले ताजमहल शमशान घाट चौराहे पर बने नाले का निरीक्षण किया। जहां बोर्ड के अध्यक्ष को यमुना में सीधे के रहे नाले के अंदर भारी गंदगी नजर आई। इसके बाद बोर्ड के अध्यक्ष दल बल के साथ ताजमहल के पूर्वी गेट पर पहुंचे और वहां पर स्थित नालों का निरीक्षण किया और दशहरा घाट पहुंचकर यमुना नदी का भी निरीक्षण किया।
केंद्रीय नियंत्रण प्रदूषण बोर्ड के अध्यक्ष एसपी सिंह परिहार का कहना है कि प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए पूरे प्रयास किए जा रहे हैं।
केंद्रीय नियंत्रण प्रदूषण बोर्ड के अध्यक्ष के दौरे में यह बात तो साफ हो गई है की यमुना में सीधे गिर रहे नाले यमुना नदी के पानी को दूषित कर रहे हैं और इसका बहुत बड़ा नुकसान प्रत्यक्ष अप्रत्यक्ष रूप से सफेद संगमरमर से बनी नायाब इमारत ताजमहल को उठाना पड़ रहा है जिसकी रंगत लगातार बढ़ रहे प्रदूषण के कारण बिगड रही है।