मैनपुरी। उत्तर प्रदेश में चुनावी शंखनाद से पहले बयानों का पलटवार जारी है। प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल नंदी ने सपा मुखिया अखिलेश यादव को लेकर विवादित बयान दिया है। मंत्री ने अमार्यदित भाषा का प्रयोग किया और अखिलेश के बयान की तुलना श्वान की लात से कर दी। कहा अभी बचपना उनमें कूट-कूट कर भरा है। रविवार को मैनपुरी पहुंचे मंत्री ने पत्रकारों से वार्ता के दौरान यह बातें कहीं।
उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल नंदी रविवार को मैनपुरी सर्किट हाउस पहुंचे थे। सर्किट हाउस पहुंचने के बाद वैश्य समाज के लोगों ने मंत्री का जोरदार स्वागत किया। जाते समय पत्रकारों से बात की। अखिलेश के 300 यूनिट बिजली मुफ्त की बात को बचकाना बताया। कहा ‘उनकी बात और श्वान की लात बराबर है। मुस्लिम वोट के लिए जिन्ना को महापुरुष बता रहे हैं। कल ओसामा बिन लादेन की तुलना अपने पिता से करने लग जाएं। उसे राष्ट्र का महापुरुष बता दें। पूरी दुनिया कोरोना से कराह रही थी, तब वैक्सीन पर सवाल उठाया, उसे भाजपा की वैक्सीन बताया था। आदरणीय मुलायम सिंह को धन्यवाद देता हूं कि उन्होंने इस भ्रम को वैक्सीन लगवाकर दूर किया। फिर थूक कर चाटने वाली कहावत सही साबित हुई। उनकी किसी बात का जनता भरोसा करने वाली नहीं है।’
कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल नंदी ने पत्रकार वार्ता में कहा कि फ्री में सब देंगे तो लाएंगे कहां से। उन्होंने कहा कि सब फ्री की बात कह तो रहे हैं, मगर लाएंगे कहां से, कैसे एक हजार की सड़क दो हजार में बेच कर एक हजार तिजोरी में भर लीं। जनता को भाजपा पर विश्वास है। 2022 भी जीतेगी भाजपा। वैश्य समाज को साधने के सवाल पर कहा कि समाज तो हमेशा से सधा है। इसके बाद मंत्री इटावा के लिए रवाना हो गए।