Agra. साइबर अपराधी व्यक्ति को अपना निशाना बनाने के लिए सोशल मीडिया का लगातार सहारा ले रहे हैं। सोशल मीडिया पर एक रेस्टोरेंट के विज्ञापन के माध्यम से साइबर अपराधियों ने फार्मा कंपनी के कर्मचारी को अपना शिकार बनाया। पीड़ित ने फेसबुक पर एक रेस्टोरेंट का विज्ञापन देखकर भोजन की दो थाली बुक की थी। ऑनलाइन पेमेंट के लिए एक लिंक डाउनलोड कराया और फिर कुछ देर बाद ऑनलाइन पेमेंट लगातार घटने लगा। यह देखकर वह दंग रह गए। उन्होंने तुरंत अपना एटीएम ब्लॉक कराया और पुलिस को इसकी शिकायत दर्ज कराई। शातिर अपराधियों ने कुछ ही देर में लगभग ₹31000 का चूना लगा दिया।
ट्रांस यमुना कालोनी निवासी विकास कुलश्रेष्ठ एक फार्मा कंपनी में काम करते हैं। 14 जुलाई को उनके सास-ससुर की शादी की सालगिरह थी। दोनों उनके घर पर ही थे। विकास ने सास-ससुर के लिए रेस्टोरेंट से खाना मंगवाने की योजना बनाई। उन्होंने फेसबुक पर खंदारी स्थित एक रेस्टोरेंट का विज्ञापन देखा था। उसमें खाने की थाली मंगवाने पर आफर की बात लिखी थी। शाम को तकरीबन साढ़े सात बजे विज्ञापन में दिए नंबर पर कॉल किया। एक व्यक्ति ने कॉल रिसीव किया। उसने कहा कि रेस्टोरेंट से बोेल रहे हैं। विकास ने 400 रुपये की दो थाली बुक की। इस पर साइबर अपराधी ने कहा कि वो एक मैसेज भेज रहा है। इसमें एक लिंक दिया गया है, जिस पर क्लिक कर देना। इसके बाद दस रुपये टोकन मनी के रूप में ट्रांसफर कर देना। विकास ने ऐसा ही किया।
कुछ देर बाद साइबर अपराधी ने फोन करके कहा कि रुपये नहीं आए। आनलाइन पेमेंट के लिए उन्होंने डेबिट कार्ड की जानकारी ले ली। इसके बाद एक और लिंक भेजा। यह लिंक मोबाइल की स्क्रीन शेयर और एक्सेस करने वाले एप का था। उस पर क्लिक करते हुए एप डाउनलोड हो गया। इसके बाद उनसे आनलाइन पेमेंट के लिए कहा। विकास ने जैसे ही डेबिट कार्ड की जानकारी भरी, उनके खाते से कुछ देर बाद रुपये कटने लगे। कुछ ही देर में 30900 रुपये खाते से ट्रांसफर हो गए। यह देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने एटीएम कार्ड को ब्लॉक करा दिया। इसके बाद पुलिस से शिकायत की।