आगरा। भीम आर्मी प्रमुख चंद शेखर आजाद ने अपने संगठन का विस्तार करते हुए बसपा के कद्दावर नेता रहे एवं पूर्व विधायक सुनील कुमार चित्तौड़ को राष्ट्रीय कोर कमेटी का सदस्य बनाया है। अब भीम आर्मी की राष्ट्रीय कोर कमेटी में आगरा से 2 सदस्य हो गए। ईदगाह निवासी नाहर सिंह पहले से ही कोर कमेटी के सदस्य हैं। अब आगरा से सुनील कुमार चित्तौड़ के भीम आर्मी कोर कमेटी का सदस्य नियुक्त किये जाने पर भीम आर्मी को इसका लाभ जरूर मिलेगा क्योंकि आगरा में बसपा की कमजोरियों को सुनील कुमार चित्तौड़ बखूभी जानते हैं।
आपको बताते चले कि कभी बसपा का जनाधार बढ़ाने में सुनील कुमार चित्तौड़ की महत्वपूर्ण भूमिका रहती थी। बसपा के गठन के साथ ही सुनील कुमार चित्तौड़ ने पार्टी का दामन थामा था और पार्टी की सेवा की थी लेकिन बसपा सुप्रीमो ने उन्हें हाल ही में पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के बाद पार्टी से निष्काषित कर दिया था। इस पर सुनील चित्तौड़ कुछ नही बोले लेकिन सूत्रों की माने तो उन्होंने पार्टी मुखिया पर बाबा साहब और कांशीराम के सिद्धांतों पर न चलने का आरोप लगाया था।
आपको बताते चले कि हाल ही में सुनील कुमार चित्तौड़ ने लखनऊ में भीम आर्मी प्रमुख से मुलाकात की थी तभी से उनके भीम आर्मी जॉइन करने के कयास शुरू हो गए थे। भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर 15 मार्च की आसपास राजनैतिक संगठन का घोषणा करेंगे लेकिन इससे पहले ही सुनील कुमार चित्तौड़ को भीम आर्मी कोर कमेटी का सदस्य चुना गया । सुनील कुमार चित्तौड़ के करीबियों का कहना है कि भीम आर्मी तेजी से बसपा का विकल्प बनने जा रही है। सुनील कुमार चित्तोड़ के भीम आर्मी की कोर कमेटी के सदस्य बनाये जाने का फायदा संगठन को जरूर मिलेगा।