लखनऊ। उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने आज प्रेस वार्ता की जिसमें उन्होंने पूरे देश में 21 दिन के लिए हुए लॉक डाउन के दौरान लोगों तक खाने-पीने का सामान पहुंचाने की व्यवस्था को लेकर आगरा शहर व आगरा प्रशासन की तारीफ की है। अवनीश अवस्थी ने कहा कि पूरे उत्तर प्रदेश में खाने पीने का सामान उपलब्ध कराने में आगरा शहर सबसे आगे है। रोजमर्रा के सामान भी लोगों तक पहुंचाए जा रहे हैं। बताते चलें कि गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में अवनीश अवस्थी ने कोरोना वायरस से प्रभावित मरीज, उनके ईलाज और कोरोना को लेकर की गई तैयारियों की भी जानकारी भी साझा की।
अवनीश अवस्थी ने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लॉक डाउन के दौरान पूरे प्रदेश में जो डोर टू डोर डिलीवरी के निर्देश दिए थे, उसे लेकर आज फिर एक बार मुख्य सचिव एवं कई महत्वपूर्ण अधिकारियों के साथ बैठक कर समीक्षा की है। अब तक प्रदेश में 6902 वैन मिलाकर 18570 मोबाइल वैन प्रदेश में डोर टू डोर डिलीवरी के लिए लगाई गई हैं। लखनऊ और कानपुर में बड़ी संख्या में मोबाइल वैन लगाई गई है। अर्बन ओरिएंटेड शहरों में भी अधिक से अधिक मोबाइल वैन लगाई जाएंगी। उन्होंने कहा है कि रोज़मर्रा के सामान को लेकर जनता परेशान न हों। हम हर जरूरतमंद लोगों के पास पहुंचने का प्रयास कर रहे हैं।
अवनीश अवस्थी ने बताया कि उत्तर प्रदेश में 8 नई टेस्टिंग लैब एक्टिव हो गई हैं। अब तक 30 हज़ार लोगों को आइसोलेट किया गया है। अभी तक उत्तर प्रदेश में कुल मिलाकर कोरोना वायरस के 42 केस हो गए हैं जिसमें 1 केस बागपत से आया है। 11 लोगों का टेस्ट निगेटिव आने के बाद उन्हें डिस्चार्ज किया जा चुका है।