Home » आगरा आये जापानी पर्यटकों को ऑटो चालक ने धमकाया, डर कर भारत भ्रमण का टूर किया कैंसल

आगरा आये जापानी पर्यटकों को ऑटो चालक ने धमकाया, डर कर भारत भ्रमण का टूर किया कैंसल

by admin

Agra. महाराष्ट्र जाने के लिए आगरा कैंट स्टेशन पहुंचे जापानी पर्यटकों के साथ कुछ ऐसा हुआ कि उन्होंने भारत भ्रमण का टूर कैंसिल कर दिया। डरे- सहमे अवस्था में उन्होंने क्षेत्रीय पुलिस से संपर्क किया। कहा कि, उन्हें अब अपने देश जाना है लेकिन भाषा की अड़चन आ गयी और स्थानीय पुलिस समझ नहीं पाई। मामला पुलिस के आला अधिकारियों तक पहुंचा तो उन्हें रात में एक सुरक्षित होटल में ठहराया और फिर सुबह दिल्ली जापान की एंबेसी में छुड़वाया गया।

घटना आगरा कैंट स्टेशन की है। सोमवार देर शाम करीब सात बजे दो जापानी पर्यटक घबराए हुए आगरा कैंट पुलिस चौकी पहुँचे और शिकायत करने लगे। लेकिन पुलिस चौकी पर मौजूद स्टाफ पर्यटकों की भाषा समझ नहीं पा रहे थे। इस पर सुल्तानपुरा पुलिस चौकी से अंडर ट्रेनी एसआई ने उसने बात की। जापानी पर्यटकों ने बताया कि, टैक्सी चालक 25 हजार रुपये मांग रहा था। उन्हें डरा धमकाकर तीन हजार रुपये ले लिए और फरार हो गया। टैक्सी चालक की धमकी से वे दहशत में हैं। इस पर एसीपी ताज सुरक्षा सैयद अरीब अहमद को सूचना दी गई।

16 मार्च को दिल्ली आए थे

एसीपी ताज सुरक्षा सैयद अरीब अहमद ने बताया कि, जापानी पर्यटकों के नाम सकामारो कोता व टेईसी हैं। दोनों की उम्र करीब 22 साल है। दोनों पर्यटक 16 मार्च 2023 जापान से दिल्ली आए थे। दिल्ली की एक टूर पैकेज कंपनी से संपर्क करने पर आगरा, जयपुर और महाराष्ट्र भ्रमण का एक लाख रुपए का पैकेज लिया। दोनों का कहना है कि, टूर पैकेज कंपनी ने एक लाख रुपये लिया था।

जयपुर घूमने के बाद पहुँचे थे आगरा

जापानी पर्यटक सकामारो कोता और टेईसी जयपुर घूमकर शनिवार की शाम आगरा पहुँचे थे। दोनों ताजगंज क्षेत्र स्थित एक होम स्टे में रुके। रविवार को दोनों ने आगरा घूमा। सोमवार शाम सात बजे पर्यटकों की आगरा कैंट से महाराष्ट्र के लिए ट्रेन थी। इस पर टैक्सी चालक उन्हें आगरा कैंट स्टेशन छोड़ने आया था। पर्यटक सकामारो कोता और टेईसी का आरोप है कि, टैक्सी चालक ने 25 हजार रुपये मांगे। जब रुपए देने से इनकार किया तो चालक ने अभद्रता करना शुरू कर दिया।

उनका कहना था कि पूरा पैकेज एक लाख में बुक किया था। इसके बाद भी टैक्सी चालक और रुपये मांग रहा था। चालक ने डरा धमकाकर जबरन तीन हजार रुपये ले लिए। आरोप है कि, टैक्सी चालक ने मारपीट का भी प्रयास किया था जिससे दोनों घबरा गए और भागकर पुलिस के पास आ गए।

एसीपी ताज सुरक्षा सैयद अरीब अहमद ने बताया कि, जापानी पर्यटकों ने टैक्सी चालक के खिलाफ तहरीर दी है जिसके आधार पर चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही सोमवार देर शाम दोनों पर्यटक को पुलिस ने होटल में ठहराया था। आज सुबह पर्यटन थाना पुलिस अपने साथ दोनों पर्यटकों को दिल्ली लेकर रवाना हुई।

Related Articles

Leave a Comment