नई दिल्ली (20 May 2022 )। सपा विधायक आजम खान जेल से रिहा। अखिलेश यादव का ट्वीट, झूठ के लम्हे होते हैं सदियां नहीं
सपा विधायक आजम खान शुक्रवार सुबह सीतापुर जेल से रिहा हो गए हैं। वह करीब 27 महीने बाद रिहा हुए हैं। जेल से निकलते ही समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। हालांकि आजम खान सीधे गाड़ी में बैठकर रवाना हो गए। इस दौरान उनके दोनों बेटों के साथ प्रसपा अध्यक्ष शिवपाल यादव भी मौजूद थे।
उनके रिहा होने पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने टृवीट किया, सपा के वरिष्ठ नेता व विधायक मा. श्री आज़म ख़ान जी के जमानत पर रिहा होने पर उनका हार्दिक स्वागत है। जमानत के इस फ़ैसले से सर्वोच्च न्यायालय ने न्याय को नये मानक दिये हैं।पूरा ऐतबार है कि वो अन्य सभी झूठे मामलों-मुक़दमों में बाइज़्ज़त बरी होंगे।
झूठ के लम्हे होते हैं, सदियां नहीं!
शिवपाल यादव से की बात
जेल से रिहा होने के बाद बाहर खड़े प्रसपा अध्यक्ष शिवपाल यादव से आजम खान ने कुछ देर बात की। फिर लखनऊ के लिए रवाना हो गए। हालांकि, शिवपाल यादव ने मीडिया से कहा कि आजम खान हमारे पुराने साथी हैंं। उनसे आगे भी मुलाकात होती रहेगी।