आगरा। ताजनगरी में लगातार हो रही बारिश से नारकीय हालात पैदा हो गए हैं। आगरा बाह क्षेत्र के पिनाहट इलाके में बहने वाली चंबल अब उफान पर है। तकरीबन आधा दर्जन से ज्यादा गांवों को चंबल के पानी ने अपनी चपेट में ले लिया है। हालात ऐसे हैं कि बाह क्षेत्र का इलाका बाढ़ ग्रस्त हो चुका है। घरों में और गांव में चंबल का पानी घुसने से मगरमच्छ और कछुओं का खतरा भी बढ़ गया है। ऐसे में ग्रामीण घरों की छतों पर सहारा लिए हुए हैं।

हालांकि जिला प्रशासन ने यहां लेखपाल और बाढ़ ग्रस्त चौकिया जरूर स्थापित की हैं। मगर प्रशासन की मदद यहां ऊंट के मुंह में जीरा के बराबर साबित हो रही है। चंबल की लहरें अब लोगों को डराने लगी है। जो चंबल कभी पिकनिक स्पॉट हुआ करती थी। जिस चंबल में देशी और विदेशी पर्यटक मगरमच्छ कछुओं का आनंद लेते थे। आज वही चंबल अपने उफान पर है। चंबल का बढ़ता जलस्तर लगातार लोगों के दिलों में दहशत पैदा कर रहा है। रानीपुरा, भटपुरा, गोहरा क्षेत्र के तकरीबन एक दर्जन गांव चंबल के उफान की चपेट में है। लोग छतों पर सहारा लिए हुए हैं। कई गांव में बीमारी फैल चुकी है। हालात ऐसे हैं कि पानी भरने से लोग अस्पताल नहीं पहुंच पा रहे हैं।

खबर चलने के बाद भाजपा के सांसद राजकुमार चाहर ने बाह पिनाहट और चंबल के आस-पास के गांव में बाढ़ ग्रस्त इलाकों का दौरा किया। जिला प्रशासन की टीम के साथ में दौरा करने पहुंचे भाजपा सांसद राजकुमार ने ग्रामीणों को हर मदद का आश्वासन दिलाया। इलाज से लेकर आटा दाल, चावल और लोगों को पेट भरने की सामग्री मुहैया कराने का भी भाजपा सांसद ने दावा किया है।

भाजपा सांसद राजकुमार चाहर का कहना है कि इस पूरे मामले में जिला प्रशासन के साथ में बैठकर मीटिंग की जाएगी और बाढ़ ग्रस्त इलाकों में हर सुविधा मुहैया कराने के लिए जिला प्रशासन और सरकार की ओर से सहयोग भी किया जाएगा।