आगरा। आगरा से एक बड़ी खबर सामने आई है। आगरा के मेयर नवीन जैन कोरोना से संक्रमित हो गए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से इसकी पुष्टि की है। वहीं आगरा दक्षिण से भाजपा विधायक योगेंद्र उपाध्याय का स्वास्थ्य भी खराब है। उन्होंने भी अपनी कोरोना की जांच कराई है।
ताजनगरी में दिन-प्रतिदिन कोरोना के मरीजों में इजाफा हो रहा है। आगरा के मेयर नवीन जैन भी कोरोना वायरस के शिकार हुए हैं। उन्होंने खुद को होम आइसोलेट किया हुआ है। मेयर की कोरोना की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद कल परिवार के सभी सदस्यों की भी आरटीपीसीआर जांच होगी। साथ ही मेयर नवीन जैन ने संपर्क में आने वाले सभी लोगों से अपनी जांच कराने और शहर वासियों से मास्क लगाने व 2 गज की दूरी बनाए रखने की अपील की है।
2 दिन से था स्वास्थ्य खराब
मेयर नवीन जैन ने ट्विटर के माध्यम से कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि की है। उन्होंने लिखा है कि “पिछले 2 दिन से मैं अस्वस्थ था। कोरोना की जांच कराने पर मेरी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसलिए मैंने खुद को होम आइसोलेट कर लिया है। मेरे संपर्क में आए शुभचिंतकों व लोगों से अपील है कि वह भी अपनी कोरोना की जांच करवा लें।”
विधायक भी हुए होम आइसोलेट
आगरा दक्षिण से विधायक योगेंद्र उपाध्याय की भी कोरोनावायरस संक्रमित होने की चर्चा है। विधायक योगेंद्र उपाध्याय का 2 दिन से स्वास्थ्य खराब है। उनको बुखार और गले में खराश बनी हुई है। उन्होंने खुद को होम आइसोलेट करते हुए आरटीपीसीआर की जांच कराई है। जिसकी रिपोर्ट बुधवार को आएगी। उन्होंने भी अपने संपर्क में आने वाले सभी लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की है।