Home » साझा रसोई के बाद शहर कांग्रेस चलाएगी मास्क वितरण अभियान, बांटेगी 50 हज़ार मास्क

साझा रसोई के बाद शहर कांग्रेस चलाएगी मास्क वितरण अभियान, बांटेगी 50 हज़ार मास्क

by admin

आगरा। सेवा सत्याग्रह ‘साझा रसोई’ कार्यक्रम के समापन के बाद शहर कांग्रेस पार्टी की ओर से शहर के 100 वार्डों में निःशुल्क मास्क वितरण करने जा रही है। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए सभी वार्डों में कैम्प लगाकर गरीब लोगों को मास्क वितरित किये जायेंगे जिसकी जानकारी प्रेसवार्ता के दौरान शहर अध्यक्ष देवेंद्र सिंह चिल्लू ने दी।

छीपीटोला स्थित डॉ बी आर आंबेडकर सामुदायिक केंद्र पर आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान शहर अध्यक्ष देवेंद्र सिंह चिल्लू ने बताया कि इस अभियान को भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के निर्देश पर शुरू किया जा रहा है। कांग्रेस कार्यकर्ता जनता के बीच मास्क वितरण कर सेवा कार्यों से जुड़े रहेंगे। इसके लिए प्रियंका गांधी ने 50,000 मास्क आगरा जिले के लिए भेजे हैं।

पूर्व प्रदेश सचिव विनोद बंसल ने कहा कि कोरोना महामारी व लॉकडाउन में कांग्रेस जन पूरे जोर शोर से जनता की मदद करने में लगे रहे हैं और आगे भी करते रहेंगे। कांग्रेस के हर कार्यकर्ता ने प्रवासी मजदूरों से लेकर गरीब जरूरतमंद की बढ़चढ़ कर मदद की है।

पूर्व शहर अध्यक्ष राम टंडन ने कहा कि लॉकडाउन से लेकर अब तक कांग्रेस के सेवा कार्यों में शासन प्रशासन ने छोटी सोच के कारण अनेकों प्रकार की बाधाएं उत्पन्न की। इसके बावजूद कांग्रेस जनों ने खाद्य सामग्री से लेकर अन्य राहत कार्य निशुल्क जनता के बीच किए हैं जबकि शासन प्रशासन ने थानों में विभिन्न गैर राजनैतिक सामाजिक संगठनों द्वारा वितरण के लिए दी जा रही खाद्य सामग्री का झूठा श्रेय लेने के लिए जनता के बीच बीजेपी के नाम से बांटा गया, जोकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आपदा को राजनैतिक अवसर में बदलने वाला मिथ्या प्रचार की श्रेणी में आता है।

पत्रकार वार्ता में राघवेन्द्र उपाध्याय, मुबारिक हुसैन कुरैशी, नंदलाल भारती, प्रो शिल्पा दीक्षित, विनोद जरारी, आई डी श्रीवास्तव, भीष्म पाल सिंह मुखिया, चन्द्र मोहन पाराशर, अदनान कुरैशी, हबीब कुरैशी, सोनू अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।

Related Articles