आगरा। पेट्रोल व डीज़ल की बढ़ती कीमतों को लेकर आम आदमी पार्टी और किसान मोर्चा के पदाधिकारियों ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता फतेहपुर सीकरी के गांव सकतपुर में पहुँचे जहाँ पार्टी पदाधिकारियों ने किसान मोर्चा के कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर ट्रैक्टर को रस्सी से बांधकर हाथों से खींचा और खेत की जुताई करते हुए पेट्रोल व डीज़ल की बढ़ती कीमतों का विरोध किया। सभी लोगों ने मोदी सरकार होश में आओ, डीजल पेट्रोल के दाम घटाओ के नारे लगाकर अपना आक्रोश व्यक्त किया।
किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष बन्ने सिंह पहलवान का कहना था कि पेट्रोल व डीज़ल के दामों में वृद्धि कर किसानों के संग अत्याचार किया जा रहा है। कोरोना संक्रमण से पहले से ही हर व्यक्ति जूझ रहा है। आर्थिक संकट की स्थिति उत्पन्न हो गयी है और ऐसे समय में डीजल पेट्रोल की कीमतों को बढ़ाना किसान के ऊपर वजन डालना है जोकि बहुत ही घातक सिद्ध होगा।
किसान मोर्चा के कुशल पाल यादव का कहना है कि दुनिया में क्रूड ऑयल की कीमत आज भी कम है और आस-पास के देशों में यह सबसे कम दामों पर आज भी मिल रहा है लेकिन हमारे यहां सरकार महंगाई पर महंगाई की मार कर किसानों पर बोझ डाल रही है। पेट्रोल व डीज़ल के दाम बढ़ेंगे तो खेती में उपयोग किये जाने वाले उपकरणों का प्रयोग कैसे किया जा सकेगा। सरकार की यह दमनकारी नीतियां किसानों को मार रही है।
आप पार्टी के जिलाध्यक्ष कपिल बाजपेई ने कहा की वर्तमान मोदी सरकार केवल व्यापारियों के हित के लिए काम कर रही है। आम जनता, किसान और गरीब से उसका कोई भी लेना देना नहीं है। यह सरकार गरीब विरोधी किसान विरोधी है। इसलिये तो पेट्रोल व डीज़ल के दामों में बढ़ोत्तरी कर गरीब और किसान की कमर तोड़ रही है। पेट्रोल व डीज़ल के दामों में होने वाली बढ़ोत्तरी का असर हर चीज पर पड़ता है। सभी लोगों ने मिलकर पेट्रोल व डीजल के प्रतिदिन बढ़ाए जाने वाले दामों का विरोध किया और सभी ने एक स्वर में कहा कि यदि मूल्य वृद्धि तत्काल नहीं रुकी तो आम आदमी पार्टी और किसान मोर्चा पूरी पार्टी के साथ सड़को पर उतरकर सरकार इस मूल्य वृद्धि का विरोध करेगी।
इस मौके पर रमजान अब्बास, चौधरी अजयवीर सिंह, कपिल बाजपेई, कुशल पाल, धर्मेंद्र, सुनील पहलवान, रामप्रकाश चौधरी, सलमान खान, नारायण सिंह, हाकिम सिंह आदि मौजूद रहे।