Home » राजकुमार चाहर के जनसंपर्क में उमड़ा अपार जनसमूह, बुलडोजर से हुई पुष्पवर्षा

राजकुमार चाहर के जनसंपर्क में उमड़ा अपार जनसमूह, बुलडोजर से हुई पुष्पवर्षा

by pawan sharma

आगरा। विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत फतेहपुर सीकरी लोकसभा क्षेत्र सांसद राजकुमार चाहर ने रविवार सुबह मधुनगर से अपने अभियान का श्रीगणेश किया। प्रवासी मतदाताओं के मध्य सम्मिलित रहकर उन्होंने केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी उपलब्धियां गिनाकर समर्थन मांगा। इस दौरान प्रवासी मतदाताओं द्वारा पूर्ण समर्थन का भरोसा दिया गया। इसके बाद सांसद का कारवां अजीजपुर से शुरू होकर धनौली, मुल्ला की प्याऊ, नगला रेवती, मलपुरा कस्बा, गामरी, नौमील, लालऊ, नगला परमाल, अकोला, कागारौल के उपरांत जगनेर कस्बे में पहुंचे।

इस दौरान सांसद ने सामाजिक सरोकारों को छूते हुए अकोला में घासी बाबा मंदिर एवं चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर मिले अपार जनसमर्थन को देखकर साथ चल रहे पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी भी गदगद दिखे। गठबंधन में सहयोगी रालोद के पारंपरिक गढ़ों में सांसद राजकुमार चाहर के कारवां को जनता ने हाथोंहाथ लिया। जगनेर कस्बे में पहुंचकर सांसद ने स्थानीय व्यापारियों, किसानों, युवाओं आदि से संवाद करते हुए उनसे केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं की जानकारी ली। राजस्थान सीमा से सटे जगनेर कस्बे में दर्जनों स्थानों पर साफा एवं माला के साथ चांदी का मुकुट पहनाकर सम्मान किया गया। कागारौल में मुस्लिम समाज की भारी तादात ने घरों से जमकर पुष्पवर्षा की। सांसद ने ग्वाल बाबा मंदिर पर पूजा अर्चना भी की।

चौधरी चरण सिंह को सिर्फ भाजपा ने दिया सम्मान
सांसद की संकल्प यात्रा के दौरान चौधरी चरण सिंह को भारत सरकार द्वारा भारतरत्न देने का असर साफ दिखा। युवाओं से लेकर किसानों आदि में इसकी चर्चा देखी गई। सांसद ने अपने संबोधन में कहा कि चौधरी चरण सिंह को सम्मान देने के नाम कर विपक्षी पार्टियां सिर्फ ढोंग करती रही, लेकिन भाजपा ने उनके पौत्र जयंत सिंह को सम्मान देने के साथ ही चौधरी चरण सिंह को भारतरत्न देकर देश के करोड़ों किसानों, पिछड़ों और वंचितों की आवाज को बुलंद किया। भाजपा जो कहती है उसे करके दिखाती है। फतेहपुर सीकरी लोकसभा क्षेत्र में ज्वलंत पेयजल समस्या का समाधान भी वर्तमान भाजपा सरकार में हुआ है। कुछ समय बाद ही प्रत्येक घर की टोंटी से गंगाजल मिलेगा।

जनसंपर्क में जिला अध्यक्ष गिर्राज सिंह कुशवाह, लोकसभा संयोजक हेमेंद्र शर्मा, विधायक भगवान सिंह कुशवाह, पूर्व विधायक महेश गोयल, ठाकुर गौरीशंकर सिकरवार, रालोद क्षेत्रीय अध्यक्ष बृजेश चाहर, अभिनव मौर्या, उपेंद्र सिंह, ब्लॉक प्रमुख राजू प्रधान, उत्तम सिंह एवं सोनू दिवाकर, रालोद जिलाध्यक्ष महेश जाटव, पूर्व विधायक मधुसूदन शर्मा, उमाशंकर माहौर, सत्यप्रकाश लोधी, मेघराज सोलंकी, देवेंद्र रावत, सहदेव शर्मा, कप्तान सिंह निषाद, फौरन सिंह राठौड़, अजय चाहर, नागेंद्र चाहर, राजीव जैन, लाल सिंह लोधी, कोमल सिंह चाहर, राजू लवानिया आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Comment