Agra. उड़ीसा से नई दिल्ली के बीच गांजा की तस्करी लगातार की जा रही है। गांजा तस्कर उड़ीसा के भुवनेश्वर से कभी रेल के माध्यम से तो कभी एंबुलेंस के माध्यम गांजे की तस्करी कर रहे लेकिन जीआरपी आरपीएफ और आगरा पुलिस द्वारा लगातार गांजा तस्करों को दबोचा जा रहा है। बावजूद इसके गांजा तस्कर, तस्करी करने से बाज नहीं आ रहे।
10 किलों गांजे की खेप पकड़ी
आगरा में गांजा खपाने के लिए उड़ीसा से गांजा लाया गया था। आगरा में इस गांजे की डिलीवरी होनी थी लेकिन पुलिस के खुफिया तंत्र से मिली जानकारी के चलते पुलिस ने गांजा तस्करों के अरमानों पर पानी फेर दिया। गांजे की तस्करी से पहले ही आगरा पुलिस ने इन गांजा तस्करों को धर दबोचा जिनके पास से लगभग 10 किलो गांजा बरामद किया है।
गांजे की आगरा में तस्करी होनी है, इसकी सूचना पर आगरा पुलिस ने मुखबिर के बताए जगह की घेराबंदी की और डिलीवरी देने से पूर्व ही आगरा के ट्रांस यमुना क्षेत्र में दो आरोपियों से 10 किलो गांजा बरामद भी किया है। थाना ट्रांस यमुना प्रभारी सुमनेश विकल ने बताया कि पुलिस को जानकारी मिली थी कि यह शाहदरा चुंगी झरना नाला के पास गांजा तस्कर आए हुए हैं। इसी जानकारी पर इनको पकड़ा गया है।
पकड़े गए दोनों आरोपी उत्तर प्रदेश के गोण्डा के रहने वाले हैं। उनके मुताबिक आगरा में भी गांजे की खपत भारी मात्रा में है। वह काफी समय से गांजे की तस्करी करके आगरा में सप्लाई कर रहे थे। गाय तस्करों से जो गांजा बरामद हुआ है उसकी कीमत बाजार में लगभग डेढ़ लाख रुपए है। गांजा तस्करों से पूछताछ की जा रही है और आगरा से उड़ीसा तक गांजा तस्कर के नेटवर्क को तोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।