Agra. सोमवार तड़के खंदौली थाना क्षेत्र में डबल मर्डर होने से सनसनी फैल गयी। बीती देर रात पत्नी और एक वर्ष की मासूम बेटी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। सुबह जानकारी होने पर ग्रामीण और पुलिस मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू की और कानूनी कार्रवाई को अंजाम देते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जाता है कि बच्ची और पत्नी की हत्या पति ने की है, वह रात से फरार है।
पैंतखेड़ा निवासी मनमोहन सिंह आगरा में ट्रांसपोर्ट कंपनी पर काम करता है। घर में उसकी पत्नी ममता और एक वर्ष की बेटी सौम्या और तीन वर्ष का बेटा आरव था। परिवारीजनों ने बताया कि रात 9.30 बजे मनमोहन ने पत्नी, बेटे और बेटी के साथ घर में खाना खाया था। रात 11 बजे वह बाहर घूमता देखा गया था। इसके बाद वह घर में चला गया।
रात में ही पत्नी और बेटी की हत्या कर वह फरार हो गया। सुबह सात बजे तक चाचा हरिओम को जब घर से कोई निकलता नहीं दिखा तो वे अंदर गए। कमरे में ममता और सौम्या लहूलुहान पड़े थे। आरव दूसरे कमरे में सो रहा था। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंच गई और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश शुरू कर दी। हत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है।