Agra. प्रधानमंत्री की सुरक्षा में लापरवाही बरने जाने का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। आगरा में हिंदूवादी संगठनों के बाद अब भाजपा ओबीसी मोर्चा ने भी पंजाब सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को खेरिया मोड़ चौराहे पर भाजपा ओबीसी मोर्चा की ओर से पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी का पुतला फूंका आक्रोश व्यक्त किया गया।
ये है मामला
विगत दिनों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पंजाब के दौरे पर थे। आरोप है कि प्रधानमंत्री जिस रास्ते से जाने वाले थे वहां पर किसान प्रदर्शन कर रहे थे। प्रधानमंत्री कार्यालय के द्वारा मुख्यमंत्री कार्यालय से संपर्क साधने और सुरक्षा व्यवस्था ठीक करने के लिए संपर्क साधा गया लेकिन मुख्यमंत्री कार्यालय ने कोई जवाब नहीं दिया। परिणाम स्वरूप आंदोलनकारी किसानों ने प्रधानमंत्री के काफिले का रास्ता रोक लिया। प्रधानमंत्री 20 मिनट तक बीच रास्ते में फंसे रहे और बाद में प्रधानमंत्री पंजाब में होने वाली रैली को स्थगित कर वापस भटिंडा से दिल्ली लौट आए। आंदोलनकारी किसानों के द्वारा प्रधानमंत्री के रास्ते को रोके जाने को भारतीय जनता पार्टी ने प्रधानमंत्री की सुरक्षा में बड़ी लापरवाही माना है और इसको लेकर के केंद्र सरकार से लेकर भारतीय जनता पार्टी नेतृत्व तक काफी आक्रोशित हैं।
पुलिस से हुई झड़प
भाजपा ओबीसी मोर्चा की ओर से खेरिया मोड़ चौराहे पर पंजाब सरकार का पुतला फूंके जाने पर खेरिया मोड़ पुलिस चौकी पुलिस कर्मियों से भाजपाइयों की झड़प भी हो गई। झड़प के दौरान भाजपाइयों ने पुलिसकर्मियों को समझाया और फिर उसके बाद पंजाब सरकार का पुतला फूंक कर अपना आक्रोश भी व्यक्त किया।
पिछड़ा वर्ग मोर्चा के योगेश कुशवाहा ने बताया कि जिस प्रकार से पंजाब सरकार ने प्रधानमंत्री की सुरक्षा में लापरवाही की है वह एक साजिश का हिस्सा प्रतीत होती है। उन्होंने कांग्रेस पर आतंकवादी संगठनों से भी सांठगांठ का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि पंजाब सरकार खालिस्तान एजेंट के रूप में काम कर रही है।