आगरा को स्मार्ट सिटी का दर्जा तो मिल गया लेकिन अधिकारी खुद स्मार्ट नहीं हो पा रहे हैं। स्मार्ट सिटी की बेवसाइट को अपडेट नहीं किया गया है। आज भी बेवसााइट पर उन तमाम अधिकारियों के नाम दर्ज हैं जिनके कई वर्ष पूर्व तबादले हो चुके हैं। इन अधिकारियों को मेजर स्टेक होल्डर बनाया गया है। बेवसाइट को अपडेट करने के लिए सामाजिक कार्यकर्ता नरेश पारस ने नगर आयुक्त निखिल फुंडे तथा स्मार्ट सिटी कार्यालय प्रभारी को पत्र लिखा है। पत्र के साथ बेवसाइट के स्क्रीन शॉट भी संलग्न किए हैं।
नरेश पारस ने अपने लिखे पत्र में कहा कि शहर की जानकारी बेवसाइट के माध्यम से भी नागरिकों को मुहैया कराई जा रही है। इस बेवसाइट को समय-समय पर अपडेट करना भी जरूरी है। बेवसाइट के मेजर स्टेक होल्डर विकल्प में जिन अधिकारियों के नाम दिए गए हैं। उनके काफी समय पहले तबादले हो चुके हैं।

सीडीओ रविन्द्र कुमार, एसपी सिटी कुंवर अनुपम सिंह, पीओ डूडा संजय पथसारिया, एएसआई निदेशक भुवन विक्रम सिंह आदि तमाम अधिकारियों के नाम शामिल हैं जिनके तबादले हो चुके हैं। इससे जनता में भ्रम की स्थिति रहती है। बेवसाइट को अपडेट कर जन सहभागिता को शामिल किया जाए।