Agra. भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए बड़ा बयान दे दिया है। स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि ‘विपक्ष कोई पार्टी नहीं है बल्कि वह एक ट्रस्ट है जिसे एक परिवार चला रहा है। हमारा बूथ अध्यक्ष भी प्रदेश अध्यक्ष हो सकता है।’
शुक्रवार सुबह स्वतंत्र देव सिंह विजय नगर कॉलोनी पहुंचे थे। यहां उन्होंने घर-घर संपर्क अभियान के तहत लोगों के घर पहुंच प्रदेश सरकार की 4 साल की उपलब्धियों का पत्रक भेंट किया, साथ ही उन से वार्ता करते हुए उन्हें प्रदेश और केंद्र सरकार की नीतियों से रूबरू कराया। इस दौरान उन्होंने पार्टी के लिए समर्थन जुटाया।
पत्रकारों से रूबरू होते हुए उन्होंने कहा कि 26 सितंबर से 2 अक्टूबर तक घर-घर संपर्क अभियान चलाया जा रहा है। इस नेतृत्व के इस अभियान के तहत प्रदेश सरकार के साढ़े 4 साल की उपलब्धियों और केंद्र सरकार के कार्यकाल से लोगों को रूबरू कराया जा रहा है जिससे लोग भाजपा पार्टी द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों को जान सके। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश पूरे विश्व में अपनी अलग पहचान बना रहा है। इसे विश्व गुरु बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जुटे हुए हैं।
विपक्ष पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि ‘सपा, कांग्रेस, बसपा कोई पार्टी नहीं है बल्कि वह एक ट्रस्ट है जिन्हें एक परिवार चला रहा है। भाजपा का बूथ और मंडल अध्यक्ष भी प्रदेश अध्यक्ष हो सकता है।’