Agra. कोरोना संक्रमण को लेकर लॉकडाउन लगा हुआ है लेकिन इस लॉकडाउन में भी अज्ञात चोर बैखोफ होकर चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे है। ताजा मामला थाना ताजगंज के गांव बुढ़ाना का है। अज्ञात चोरों ने एक साथ दो घरों को अपना निशाना बनाया। घर मे लोगों के मौजूद होने के बाद भी बैखोफ होकर अज्ञात चोरों ने लाखों रुपये के सोने चांदी के आभूषण और नगदी लेकर फरार हो गए। इस घटना के बाद से गांव में समय अफरा तफरी मची हुई है।
बीती रात अज्ञात चोरों ने थाना ताजगंज के गांव बुढ़ाना निवासी सुरेश और सुरेंद्र पुत्र कंचन सिंह के घर को निशाना बनाया। दोनों सगे भाई है और दोनों का घर एक दूसरे के बगल में है। घर की पीड़ित महिलाओं ने बताया कि उनके पति बीती रात रात शादी समारोह में गए थे। रात लगभग 12 बजे घर लौटे थे और फिर उसके बाद वो खेत पर पानी लगाने चले गए। घर के सभी लोग घर के आंगन में सो गए।
पीड़िता ने बताया कि कमरों के ताले लगे हुए थे। बीती रात चोर कब आये और चोरी करके कब फरार हो गए उन्हें पता भी नही चला और न ही किसी तरह की आहट उन्होंने सुनी। सुबह तकरीबन 4 बजे उठी तो उसके पैरों से जमीन खिसक गई। आंगन के दरवाजे के ताले खुले हुए थे। अंदर जाकर देखा तो कमरे के ताले टूटे हुए थे। कमरे के रखी अलमारी और संदूक खुले हुए थे। घर के रखा सोने चांदी के सभी आभूषण के साथ नगदी गायब थी। जब चारो तरफ देखा और अपनी देवरानी को हल्ला मचाकर जगाया तो उसके भी होश उड़ गए। उसके घर के भी ताले टूटे हुए थे। अंदर जाकर देखा तो संदूक व अलमारी खुली हुई थी और सोने चांदी के सभी आभूषण गायब थे।
इस घटना की जानकारी पतियों को दी तो फौरन वो घर पहुँचे और फिर पुलिस को भी सूचित किया गया। मौके पर पहुँची पुलिस ने जाँच पड़ताल की और पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्यवाही शुरू कर दी है।
पीड़ितों का कहना है कि दोनों घरों के लोग आंगन में सो रहे थे। उन्हें घर में चोरी होने की किसी भी तरह की आहट तक नहीं हुई और उनकी आंख सुबह ही खुली। ऐसा लगता है कि दोनों घर के लोगों को कुछ सुंघाने के बाद चोरों ने इस घटना को अंजाम दिया है। लगभग 15 तोले सोना और कई किलो चांदी के साथ नगदी चोरी हुई है।
इस घटना के बाद ग्रामीण दहशत में है। बताया जाता है कि पिछले कई सालों में गांव में चोरी नहीं हुई है। एक साथ दो घरों में चोरी होने से घटना गांव में चर्चा का विषय बना हुआ है।