Home » रूठे कांग्रेसियों को मनाने प्रदेश अध्यक्ष आगरा पहुंचे, कहा – प्रत्येक कार्यकर्ता को मिलेगा सम्मान

रूठे कांग्रेसियों को मनाने प्रदेश अध्यक्ष आगरा पहुंचे, कहा – प्रत्येक कार्यकर्ता को मिलेगा सम्मान

by admin
State president reached Agra to persuade angry Congressmen, said - Every worker will get respect

Agra. हाल ही में राघवेंद्र सिंह मीनू को कांग्रेस जिला अध्यक्ष की कमान सौंपे जाने के बाद पार्टी में जो रार और कार्यकर्ताओं में असंतोष पैदा हुआ था उसको खत्म करने के लिए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू आगरा पहुंचे। आगरा आगमन पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सबसे पहले नहटौली में पूर्व जिलाध्यक्ष मनोज दीक्षित के आवास पर पहुँचे और फिर उसके बाद उन्होंने वर्तमान जिलाध्यक्ष के पुतले फूंकने वाले चंद्रमोहन पाराशर से मुलाकात की। इस दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू का जोरदार स्वागत किया गया तो वहीं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने रूठे हुए कांग्रेसियों से वार्ता की। उनकी जो समस्याएं थी उनको सुना और पार्टी में हर कार्यकर्ता का सम्मान होने का आश्वासन दिया।

पिछले दिनों टोरंट प्रकरण मामले में रिश्वत का वीडियो वायरल होने के बाद मनोज दीक्षित को जिला अध्यक्ष पद से इस्तीफा देना पड़ा था जिसके बाद कांग्रेस हाईकमान ने राघवेंद्र सिंह मीनू को जिले की कमान सौंप दी थी लेकिन राघवेंद्र सिंह मीनू को जिला अध्यक्ष बनाए जाने के बाद से ही कांग्रेस पार्टी में विरोध शुरू हो गया था। कांग्रेस की निवर्तमान जिला अध्यक्ष ने उन को हटाए जाने व वायरल वीडियो के पीछे राघवेंद्र सिंह मीनू को जिम्मेदार ठहराया था तो वहीं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राघवेंद्र सिंह मीनू के जिला अध्यक्ष बनने पर पुतले भी फूंके थे।

इस मामले को लेकर निवर्तमान जिला अध्यक्ष मनोज दीक्षित दिल्ली में पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी से मिलने भी पहुंची थीं लेकिन उनकी मुलाकात नहीं हो पाई थी जिसके बाद उन्होंने लखनऊ में आत्मदाह का एलान किया था। इसी तरह डिफेंस एस्टेट के पार्टी कार्यकर्ता चंद्रमोहन पाराशर ने भी इस नियुक्ति का विरोध किया था, जिलाध्यक्ष के पुतले जलाए थे। 

गुरुवार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू दोपहर को पूर्व जिलाध्यक्ष मनोज दीक्षित के घर नहटौली पहुंचे। उनके साथ जिला प्रभारी योगेश तालान भी मौजूद रहे। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू यहां तकरीबन एक घंटे तक रहे। उन्होंने निवर्तमान जिला अध्यक्ष की पूरी बात सुनी और फिर उनसे पार्टी को मजबूत करने के निर्देश दिये साथ ही पार्टी में उन्हें पूरा सम्मान दिए जाने का आश्वासन दिया।

इसके बाद शाम छह बजे वह डिफेंस एस्टेट कालोनी में चंद्रमोहन पाराशर के यहां पहुंचे। यहां पर उन्होंने चंद्रमोहन समेत अन्य कार्यकर्ताओं से कहा कि वह पार्टी के लिए काम करें। पार्टी के फैसले पर सवाल उठाने से उन्हें सम्मान नहीं मिलेगा। यहां करीब आधा घंटे तक रुके। इस दौरान कार्यकर्ताओं से कहा कि वह पार्टी का काम करें। अगर कोई दिक्कत है तो सीधे उनसे बात करें।

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने मीडिया से बातचीत में कहा कि वह कार्यकर्ताओं से शिष्टाचार मुलाकात करने के लिए आगरा आए हैं। पूर्व जिलाध्यक्ष निष्ठावान हैं और उन्होंने पार्टी को मजबूत करने का काम किया है। पार्टी उनके साथ खड़ी है। कांग्रेस की पहचान संघर्ष है। इसी तरह चंद्रमोहन से मिलकर समस्याएं पूछीं। अब पार्टी में कोई मतभेद नहीं है। 

किसान आंदोलन के सवाल उनका कहना था कि बागपत में पुलिस ने किसानों के टेंट उखाड़े। किसानों का आंदोलन शांतिपूर्ण दो माह से चल रहा था। तब सरकार उन्हें तारीख पर तारीख दे रही थी। अब किसान उग्र हो गए तो सरकार दमन पर उतर आई है।

अगर आप हमारे न्यूज़ ब्रेकिंग के व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ना चाहते हैं तो इस लिंक पर क्लिक करके हमें सपोर्ट करें, धन्यवाद…

https://chat.whatsapp.com/K7TYmtMzREv5Os7R2Lgzy8

Related Articles