Home » CAA पर भ्रम फैलाने के लिए विपक्ष ने षडयंत्र रचा और फंडिंग कर हिंसा फैलाई – स्वतंत्र देव

CAA पर भ्रम फैलाने के लिए विपक्ष ने षडयंत्र रचा और फंडिंग कर हिंसा फैलाई – स्वतंत्र देव

by admin

आगरा। कोठी मीना बाजार मैदान पहुंचे भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने सीएए के समर्थन में आयोजित रैली को संबोधित करते हुए कहा कि नागरिकता संशोधन कानून भाजपा या राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के बहुमत की विजय ही नहीं है बल्कि सीएए भारतीयता के विजय की अभिव्यक्ति है। उन्होंने कहा कि यह कानून भारतीय लोकतंत्र में जनमत के विश्वास की विजय की अभिव्यक्ति है। भारतीय लोकतंत्र में मूल्यों के विजय की अभिव्यक्ति है। भारत के वैदिक कालीन से सिद्धांत सबका साथ-सबका विकास व सबका विश्वास के विजय की अभिव्यक्ति है। प्रगति के पथ पर निरंतर अग्रसर भारतीयों की विजय की अभिव्यक्ति है। पूर्व से पश्चिम तथा उत्तर से दक्षिण तक एक भारत श्रेष्ठ भारत के संकल्प की विजय की अभिव्यक्ति है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने नागरिकता संशोधन विधेयक के संसद में पास होने को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह उपलब्धि व ऐतिहासिक सफलता का क्षण है। यह भूतो न भविष्यति का क्षण है। उन्होंने कहा कि आज जब हम अपनी उपलब्धि का उत्सव मना रहे है। तब ऐसे में हम नये भारत के निर्माण में अपने संकल्प के प्रति अपनों को समर्पित करने के भाव के साथ यहां एकत्र हुए है।

स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि आज हम यहां इसलिए एकत्र हुए है ताकि भारत में अपने धर्म-संस्कृति और माताओं-बहनों की अस्मिता बचाने के लिए अंतिम आशा की किरण लेकर हिन्दू, बौद्ध, सिख, जैन, ईसाई व पारसी शरणार्थियों को न्याय दिलाने के लिए जो कानून बना है, उसके खिलाफ भ्रम फैलाने का षड़यंत्र रचने में सक्रिय विपक्ष की सोच को आईना दिखा सके। विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में सीएए का जो कानून बना है वह देश और मानवता के हित में है। लेकिन कांग्रेस, सपा, बसपा भ्रम फैला रही है। प्रदेश में पिछले तीन सालों से शांति थी एक भी उत्पात व दंगा नहीं हुआ। लेकिन कांग्रेस, सपा, बसपा ने फंडिंग कर हिंसा फैलाने का काम किया। लेकिन प्रदेश में योगी सरकार ने सिर्फ तीन दिनों में ही दंगाईयों को रोक दिया और दंगाई घरों में दुबक गये।

प्रदेश अध्यक्ष ने नरेन्द्र मोदी व अमित शाह का नागरिकता संशोधन कानून के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि देश के विभाजन के साथ ही पाकिस्तान, बांग्लादेश व अफगानिस्तान में नारकीय जीवन व्यतीत करने वाले हमारे भाई-बहनों को भारत की नागरिकता देने वाले इस महत्वपूर्ण व ऐतिहासिक कानून बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व गृहमंत्री अमित शाह के साथ ही एनडीए के घटक दलों व देश की जनता को बधाई।

Related Articles