आगरा। इन दिनों देश में तेजी से फैल रहे बर्ड फ्लू का असर अब आगरा में भी दिखाई देने लगा है। शासन के निर्देश पर लगातार वन विभाग द्वारा सतर्कता बढ़ती जा रही है पशुपालन विभाग की टीम द्वारा नमूने दिए जा रहे हैं जबकि पक्षियों से जुड़ी हर गतिविधि और मामले पर जिला प्रशासन की निगाह बनी हुई है।
मॉनिटरिंग कर रहे मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ वी एस तोमर ने एसएसपी को पत्र लिखकर दूसरे राज्यों से आने वाले पक्षियों पर शहर व देहात में लाने पर रोक लगाने की मांग की है ताकि आगरा शहर में बर्ड फ्लू का वायरस दस्तक ना दे। इस पर अमल करते हुए एसएसपी आगरा बबलू कुमार ने सभी राज्यों से लगने वाली सीमाओं पर पुलिस की कई टीमें गठित कर दी है जो बाहरी राज्यों से आने वाले पक्षियों को रोकने के लिए अलातार अलर्ट पर हैं।
वहीं दूसरी ओर कमिश्नरी क्षेत्र में एक कबूतर के मरने की सूचना पर पशु चिकित्सक की टीम रवाना हुई। उन्होंने मृत कबूतर को कब्जे में ले लिया है। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी वी एस तोमर ने बताया कि बर्ड फ्लू की पुष्टि के लिए मृत कबूतर के नमूने लिए जाएंगे, अन्य कई स्थानों से भी नमूने लिए गए हैं।
वहीं मुख्य विकास अधिकारी जे रीभा ने बताया कि प्रदेश के कानपुर में मिले बर्ड फ्लू के बाद आगरा में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। आगरा की सीमा में पक्षियों के लाने ले जाने पर रोक लगा दी गई है। स्थिति को देखते हुए कल बुधवार 13 जनवरी को विकास भवन पर डीएम द्वारा टास्क फोर्स की एक बैठक बुलाई गई है।