आगरा। आरटीओ कार्यालय में उस समय हड़कंप मच गया जब पुलिस व प्रशासन ने अधीनस्थों के साथ छापामार कार्यवाही को अंजाम दिया। भारी संख्या में पुलिस बल और प्रशासन व पुलिस के अधिकारियों को देखकर आरटीओ में मौजूद दलालों में भगदड़ मच गई। सभी लोग इधर उधर भागने लगे। इस कार्यवाही के दौरान एसीएम फर्स्ट डीपी सिंह और एएसपी सौरभ दीक्षित ने वहीं डेरा डाल दिया।
इस कार्यवाही के दौरान नगर निगम व सेल टैक्स के अधिकारी मौजूद रहे जिन्होंने आरटीओ आफिस के बाहर बनी दुकानों का सर्वे किया। नगर निगम के अधिकारियों ने दुकानों का सत्यापन कर नगर निगम को दुकान का टैक्स मिल रहा है या नहीं इसकी जानकारी ली तो वहीं जो लोग इन दुकानों से अपना व्यापार चला रहे हैं उनका पंजीयन जीएसटी में है या नही और वो जीएसटी जमा कर रहे हैं या नही, इसकी जानकारी जुटाई।

बताया जाता है कि आरटीओ ऑफिस के बाहर बनी दुकानों को लेकर आरटीओ अशोक कुमार सिंह ने सबंधित विभाग और प्रशासन को पत्र लिखा था। इसी पत्र पर प्रशासन द्वारा इस कार्यवाही को अंजाम दिया गया। आरटीओ ने इस पत्र में आरटीओ के बाहर अनाधिकृत दुकानों के होने का जिक्र किया था।
आरटीओ अशोक कुमार ने बताया कि आरटीओ ऑफिस के बाहर बनी दुकानों पर प्रशासन के साथ नगर निगम व सेल टैक्स के अधिकारियों ने कार्यवाही की है। इस कार्यवाही के दौरान अनाधिकृत रुप से बनी दुकानों का सत्यापन किया गया और नगर निगम व जीएसटी ने टैक्स संबंधित कार्यवाही को अंजाम दिया है।