आगरा। सदर थाना क्षेत्र के शहीद नगर में एक साथ क्षेत्रीय लोगों के पलायन और मकान बेचे जाने की खबर जैसे ही मीडिया की सुर्खियां बनी आगरा के पुलिस व प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। एडीएम सिटी केपी सिंह और एसपी सिटी प्रशांत कुमार दलबल के साथ शहीद नगर पहुँच गए। पुलिस ने पूरे इलाके को छावनी बना दिया और फिर अपनी कार्यवाही को अंजाम दिया।
पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में अवैध रूप से क्षेत्र में खुली दुकानों को हटाया गया साथ ही जिन लोगों ने दुकानें खोलकर अवैध अतिक्रमण कर रखा तो उनको भी तुड़वा दिया और उन्हें फिर से दुकान संचालित न करने की हिदायत दी।
क्षेत्रीय लोगों की पीड़ा था कि पूरे शहीद नगर इलाके में जगह-जगह नॉनवेज और मदिरा पान की दुकानें खुल गई है जिन पर शाम होते ही दारूबाजों और असामाजिक तत्वों की महफ़िल सजने लगती है। जाम से जाम टकराते हैं और सड़कें मयखाना बन जाती हैं। क्षेत्र में ओपन बार की स्थिति बन जाती है। इसे देखते हुए यहाँ रहने वाली महिलाएं, युवतियां, बच्चे और पुरुष अपने घरों में कैद होने को मजबूर हो जाते है। कई बार तो क्षेत्र की महिलाओं से छेड़खानी भी हो चुकी है। घरों में ही खुली दुकान में शाम हिट ही नॉनवेज की भट्टी शुरू हो जाती है। इन भट्टियों का धुँआ घरों में घुसता है जिससे लोगो को कई बीमारियां भी होने लगी है। उस समस्या को जब दुकान संचालकों के सामने रखते तो विवाद होने लगता था।

क्षेत्र में पुलिस व प्रशासन की संयुक्त कार्यवाही से महिलाये खुश तो है लेकिन इस कार्यवाही को बहुत पहले होने की बात कह रही है। महिलाओं ने अब इस क्षेत्र में अवैध रूप से नॉनवेज व मयखाने की दुकान न खुले इसके लिए पुलिस व प्रशासन से अपील की है।
इस कार्यवाही को अंजाम दिला रहे एडीएम सिटी केपी सिंह का कहना था कि इस क्षेत्र में अवैध रूप से नॉनवेज व शराब की दुकानें संचालित होने की शिकायत मिली थी जिससे क्षेत्रीय लोगों को काफी परेशानी हो रही थी। आज पुलिस के साथ कार्यवाही कर सभी अवैध दुकानों को बंद कराया गया है जिससे क्षेत्र की लोगों को अब किसी तरह की परेशानी नही होगी।