आगरा। संजय पैलेस स्थित आजाद पेट्रोल पंप एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। इस पेट्रोल पंप को सुर्खियों में रहने की भी आदत है क्योंकि इस पेट्रोल पंप पर कई बार गाड़ियों में मिलावटी पैट्रोल डालने की शिकायत मिल चुकी है जिसमे पेट्रोल कम पानी ज्यादा होता है।
शनिवार को यह पेट्रोल पंप एक बार फिर मिलावटी पेट्रोल को लेकर सुर्खियों में आ गया। मामला दोपहर बाद का बताया जाता है। एक युवक गाड़ी से बोतल में पेट्रोल लेने आया था। पेट्रोल पंप कर्मचारी ने उसे बोतल में पेट्रोल दे दिया लेकिन जैसे ही इस युवक ने पेट्रोल से भरी बोतल देखी तो उसके होश उड़ गए। बोतल में पेट्रोल कम और पानी ज्यादा नजर आ रहा था। युवक को अपनी आंखों पर विश्वास नहीं हुआ तो उसने दूसरी बोतल में फिर से 2 लीटर पेट्रोल लिया। इस बार भी स्थिति पहले जैसी थी। दूसरी बोतल में भी पेट्रोल कम और पानी ज्यादा था। युवक ने मिलावटी पेट्रोल को देखकर पेट्रोल पंप पर हंगामा मचाना शुरू कर दिया। देखते ही देखते वाहन चालको ने पेट्रोल पंप कर्मचारियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया जिसने भी बोतल में भरा हुआ पेट्रोल देखा उसके होश उड़ गए।
मिलावटी पेट्रोल बेचे जाने को लेकर पेट्रोल पंप पर पेट्रोल डलवाने आए वाहन चालकों ने पेट्रोल पंप कर्मचारियों को घेर लिया। अपने आप को घिरता देख पेट्रोल पंप कर्मचारी इधर-उधर होने लगे। वही एक पेट्रोल पंप कर्मचारी यह कहता हुआ बचता नजर आया कि अभी थोड़ी देर पहले ही पेट्रोल पंप पर पेट्रोल का टैंकर खाली कराया गया है। यह उसी टैंकर वाले की करामात है जो मिलावटी पेट्रोल पेट्रोल पंप को देकर चला गया है।
फिलहाल कुछ भी हो लेकिन आजाद पेट्रोल पंप हमेशा इसी बात की सुर्खियां बटोरता रहा है कि इस पेट्रोल पंप पर मिलावटी पेट्रोल मिलता है। कुछ दिनों पहले जिला प्रशासन ने मिलावटी पेट्रोल के खिलाफ एक विशेष अभियान चलाया था इस विशेष अभियान के दौरान भी यह पेट्रोल पंप प्रशासनिक अधिकारियों के निशाने पर था लेकिन जैसे यह अभियान थमा एक बार फिर आजाद पेट्रोल पंप पर मिलावटी पेट्रोल का खेल शुरू हो गया।