फतेहाबाद। नगर पंचायत फतेहाबाद के 9 सभासदों ने नगर पंचायत में हो रहे भ्रष्टाचार तथा शासन के धन का दुरूपयोग होने पर शुक्रवार को जिलाधिकारी आगरा को सामूहिक रूप से त्यागपत्र सौंप दिये जिसके चलते नगर पंचायत फतेहाबाद पर राजनैतिक संकट पैदा हो गया है।
नगर पंचायत फतेहाबाद के 9 सभासदों ने जिलाधिकारी आगरा को दिये अपने सामूहिक इस्तीफे में बताया कि नगर पंचायत फतेहाबाद द्वारा सरकारी धन का दुरूपयोग किया जा रहा है। बोर्ड में बिना प्रस्ताव पास कराये मनमाने तरीके से कार्य कराये जा रहे है। आरसीसी खरंजे निर्माण में घटिया सामिग्री का उपयोग कर अच्छे सामान का बिल बनाकर सरकारी धन का दुरूपयोग किया जा रहा है। नगर पंचायत द्वारा लगाये डस्टबिन भ्रष्टाचार की भेंट चढ चुके हैं।
वार्डो में लगाये गये कूडेदान अब दिखायी नहीं देते है जबकि इनके बिल पास कर दिये गये हैं। जिलाधिकारी को सामूहिक इस्तीफे देते समय श्यामवीर गुर्जर वार्ड 7, मीरा देवी वार्ड 12, सौरभ शर्मा वार्ड 14, विनोद गुप्ता वार्ड 8, अभिषेक गुप्ता वार्ड 9, केरन सिंह वार्ड 6, रामकली देवी वार्ड 2, फरजाना बेगम वार्ड 5, हरिओम वार्ड 4 शामिल रहे। इससे दो दिन पहले नगर पंचायत के असंतुष्ट सभासद लखनऊ जाकर मुख्यमंत्री के निजी सचिव से मुलाकात कर इस मामले की जानकारी दे चुके हैं।