आगरा। थाना कमला नगर के कावेरी कुंज क्षेत्र में एक 40 वर्षीय युवक ने शनिवार की रात घर में फंदे से लटक कर आत्महत्या कर ली। युवक की पत्नी अपने बेटे के साथ मायके गई हुई थी। रविवार सुबह जब पत्नी का भाई घर पहुंचा तब इस घटना का पता चला। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की तो उन्हें घर में कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
मृतक का नाम पुरुषोत्तम कुमार था जो दिल्ली में एक निजी कंपनी में बिजली मिस्त्री के पद पर काम कर रहा था। उसके पिता बाबूराम एक बैंक से सेवानिवृत्त हुए हैं। परिजनों ने बताया कि पुरुषोत्तम पांच बेटों में सबसे छोटा था, उसकी शादी 10 साल पहले नगला पदी निवासी संगीता से हुई थी उसका 9 साल का एक बेटा है। पुरुषोत्तम हाल ही में दिल्ली से आगरा आया था।
परिजनों के मुताबिक उसकी पत्नी अपने बेटे को लेकर शनिवार को ही मायके चली गई थी। पुरुषोत्तम रात में कमरे में सोने चला गया था। रविवार सुबह जब उसका साला अंकुर घर आया तो उसने कमरे का दरवाजा खटखटाया लेकिन अंदर से कोई आवाज नहीं आई। किसी तरह दरवाजा तोड़कर परिजन अंदर गए तो देखा कि पुरुषोत्तम पंखे के कुंडे पर लगाए फंदे से लटका हुआ था।
इस मामले में थाना कमला नगर प्रभारी निरीक्षक उत्तम चंद पटेल ने बताया कि परिजन आत्महत्या का कारण नहीं बता सके हैं। घर में कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है। छानबीन की जा रही है, जांच के बाद ही कुछ कहना संभव होगा।