आगरा। शहर को स्वच्छ साफ़ सुथरा बनाने के साथ उसे हरा-भरा बनाने के लिए महापौर नवीन जैन ने सामाजिक संस्थाओं के मंच और जनसम्पर्क के दौरान शहरवासियों से अपने परिजनों की स्मृति और मांगलिक दिवस के मौके पर एक पौधा लगाने की अपील की थी। महापौर नवीन जैन की यह अपील सार्थक हो रही है। लोग पर्यावरण के प्रति जागरूक बन वृक्षारोपण पर जोर दे रहे हैं।
शुक्रवार को आगरा शहर के जाने-माने प्लास्टिक सर्जन डॉ0 राहुल सहाय ने अपनी पत्नी कल्पना सहाय व गुड मॉर्निंग आगरा के सदस्यों के साथ अपनी स्वर्गीय माँ की स्मृति में पालीवाल पार्क में वृक्षारोपण किया। सभी लोगों ने मिलकर एक दर्जन से अधिक एलेस्टोनिया के पौधे लगाये। गुड मॉर्निंग आगरा संस्था की ओर से भी इस अवसर पर कैथ, सीता अशोक, सेमल व केसिया अलाटा के पौधों को रोपित किया गया।
गुड मॉर्निंग आगरा के संरक्षक केसी जैन ने बताया कि वर्षा ऋतु में बड़े स्तर पर आगरा शहर में पौधारोपण करने की कवायदें चल रही है। शहर को हरा-भरा रखने के लिए लोगो को निःशुल्क पौधे भी मुहैया कराये जायेंगे। बशर्तें कि पौधों के रखरखाव के लिए वह आश्वस्त करें। इतना ही नहीं नगर निगम के महापौर नवीन भी वृहद स्तर पर वृक्षारोपण कराने का अभियान शुरु करने जा रहे है जिसमें सभी को सहयोग करना है।
लोगों का कहना था कि स्मृति में लगाये जाने वाले पोधों की देखभाल अच्छी तरह से होती है क्योंकि पौधे लगाने वाला उससे अपने परिजनों को देखता है।