Home » विख्यात कवि गोपालदास जी का हुआ निधन, काव्य जगत में शोक की लहर

विख्यात कवि गोपालदास जी का हुआ निधन, काव्य जगत में शोक की लहर

by admin

आगरा। गुरुवार की शाम ताजनगरी वासियों के लिए एक बुरी खबर लेकर आई। पदमभूषण सम्मानित और विख्यात कवि गोपाल दास नीरज जी का दिल्ली एम्स में इलाज के दौरान निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही समूचे साहित्य और काव्य जगत में शोक की लहर दौड़ गई तो वहीं आगरा के गणमान्य लोगों ने उनके निधन पर दुख जताया। गौरतलब है कि 17 जुलाई को उनकी तबीयत बिगड़ने के चलते दीवानी चौराहा स्थित लोटस अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया था। हालत में थोड़ा सुधार होने के बाद उनको दिल्ली रेफर किया गया था।

जानकारी के मुताबिक 17 जुलाई को स्वर्गीय गोपाल दास जी ने सुबह नाश्ता किया था उसके बाद लगभग 9 बजे उनकी अचानक तबीयत बिगड़ी और डॉक्टर अनुपम शर्मा की देखरेख में लोटस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां डॉक्टर ने उनके शरीर में इंफेक्शन होने की जानकारी दी थी। आईसीयू में ट्रीटमेंट करने के बाद उनकी हालत में थोड़ा सुधार आया था जिसके बाद डॉक्टर ने उन्हें दिल्ली ले जाने की सलाह दी। बताया जाता है कि जब पिछली बार गोपालदास जी की तबीयत बिगड़ी थी तभी से ही शरीर में इंफेक्शन फैलना शुरु हो गया था। एम्स में भर्ती होने के बाद ट्रीटमेंट के दौरान आज देर शाम उनके निधन की ख़बर फैल गयी। स्व. गोपालदास जी ने 94 वर्ष की आयु में अंतिम सांस ली।

उनके निधन पर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी दुख जताते हुए अपने ट्विटर अकाउंट पर अश्रुपूर्ण श्रद्धांजलि व्यक्त की है।

कहना ना होगा कि स्वर्गीय गोपालदास जी नीरज के निधन से ताजनगरी के काव्य जगत को क्षति हुई है जिसकी भरपाई करना मुश्किल है। शनिवार को उनका पार्थिव शरीर आगरा लाया जाएगा और अलीगढ़ में उनकी अंत्येष्टि होगी।

विख्यात कवि स्वर्गीय गोपाल दास जी नीरज को मून ब्रेकिंग की ओर से शत शत नमन….

Related Articles

Leave a Comment