Home » पोल खोलो अभियान के बाद कांग्रेस ने शुरू किया प्रबुद्धजन पत्राचार

पोल खोलो अभियान के बाद कांग्रेस ने शुरू किया प्रबुद्धजन पत्राचार

by pawan sharma

आगरा। मोदी सरकार की जनविरोधी नीतियों और झूठे चुनावी वादों की पोल खोलने के लिए कांग्रेस पार्टी की ओर से चलाए गए पोल खोलो अभियान के बाद अब आगरा जिला अध्यक्ष ने एक बार फिर भाजपा को उसी के लहजे में जवाब देने की तैयारी कर ली है।

हिंदुत्व का राग अलापने वाली भाजपा पार्टी से हिंदुत्व का जनाधार छीनने के लिए आगरा के जिला अध्यक्ष दुष्यंत शर्मा ने नई रणनीति तैयार कर ली है और इस नई रणनीति के हिसाब से आगरा जिले में काम किया जा रहा है। कांग्रेस पार्टी सर्व समाज की पार्टी है और वह हिंदू विरोधी नहीं है। यही पैगाम आम जनता तक पहुंचाने के लिए जिला अध्यक्ष दुष्यंत शर्मा ने आगरा जिले में 20 हज़ार से अधिक प्रबुद्धजनों से पत्राचार कर रहे हैं।

इस पत्राचार के दौरान जिला अध्यक्ष दुष्यंत शर्मा प्रबुद्ध जनों को एक पत्र के साथ-साथ हनुमान चालीसा भी भेट कर रहे हैं। इस पत्र में उन्होंने कांग्रेसी रहते हुए किसानों और गरीबों के लिए सामाजिक और राजनीतिक स्तर से की गई सेवा और कांग्रेस की नीतियों को सामने रखा है तो वहीं हनुमान चालीसा भेंट कर यह भी बताने का प्रयास किया है कि भाजपा राम लला का राग अलापती है तो कांग्रेसी भी राम की सेवा और भक्ति से पीछे नहीं है।

जिला अध्यक्ष दुष्यंत शर्मा का कहना है कि कुछ लोग राजनीतिक फायदे के लिए भाई से भाई को बांटने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसा जताने का काम किया जा रहा है कि कांग्रेसी हिंदुत्व विरोधी है और एक विशेष समुदाय को लाभ देने का काम करती है। जिला अध्यक्ष दुष्यंत शर्मा का कहना है कि ऐसा नहीं है और जो लोग ऐसा सोचकर समाज को बांटने का प्रयास कर रहे हैं। उनको इस नई रणनीति से उन्हीं के लहजे में जवाब देने का प्रयास किया जा रहा है।

जिला अध्यक्ष दुष्यंत शर्मा का कहना है कि अभी तो 20 हज़ार लोगों तक व्यक्तिगत रूप से पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है तो वहीं जल्द ही पूरे जिले में इस कार्यक्रम को पूरी तरह से अमली जामा पहनाया जाएगा

Related Articles

Leave a Comment