आगरा। नौकरी की तलाश में निकले एक युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गयी। यमुना ब्रिज रेलवे स्टेशन के पास हुए इस हादसे के बाद स्टेशन पर भी अफरातफरी मच गई। यात्रियों ने तुरन्त इसकी सूचना जीआरपी को दी। यात्रियों ने जीआरपी की मदद से तुरंत उसे अस्पताल में भर्ती कराया जहाँ उसे चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने इसके पास मिले कागजातों से उसकी पहचान की और उसके परिजनों को इस घटना के बारे में जानकारी दी। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजन पोस्टमार्टम गृह आ गए।
पुलिस ने मृतक की शिनाख्त थाना एत्मादपुर क्षेत्र के बीकमपुर गांव में रहने वाले अहमद के रूप में की। पीड़ित परिवार का कहना है कि अहमद सुबह के समय फैक्ट्री जाने के लिए घर से आगरा ट्रेन से जाने की बात कहकर के लिए निकले थे। तभी रास्ते में अचानक किसी ने ट्रेन से उन्हें धक्का दे दिया और सामने आगरा फोर्ट की ओर जा रही दूसरी ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौत हो गयी।
लोगों ने बताया कि अहमद की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है।हाल ही में उसकी नौकरी भी छूट गयी थी। किसी साथी ने उसे फैक्ट्री में नौकरी दिलाने की बात कही थी। इसलिये वो आगरा जा रहा था। मृतक घर में अकेला कमाने वाला था। मृतक अहमद की एक बेटी और एक बेटा है लेकिन सिर से पिता का साया उठने के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।