मथुरा। मथुरा के विसावली गांव मे एक दलित महिला को जलाकर मारने के प्रयास का मामला सामने आया है। आरोप गांव के ही नामज़द दबंग पर लगा है। बताया जाता है कि गांव के दबंग ने महिला की इज्जत लूटने का प्रयास किया लेकिन असफ़ल होने पर मिट्टी का तेल डालकर उस महिला को आग लगा दी। घटना की जानकारी होते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुँच गए और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामला राया थाना क्षेत्र के गाँव विसावली का है। सूत्रों के मुताबिक क्षेत्र के दबंग हरवीर ने अपनी हवस बुझाने के लिए एक दलित महिला को पकड़ लिया और उसके साथ दुराचार करने का प्रयास किया। महिला ने इसकी जानकारी अपने पति को दी। जानकारी होते ही पीड़ित महिला के पति ने इसका विरोध किया तो दबंग ने उसके साथ भी मारपीट की। इस दौरान बीच में आई महिला के उपर मिट्टी का तेल छिड़कर महिला को आग लगा दी। जिससे महिला गम्भीर रूप से झुलस गई।
घटना की जानकारी होते ही पुलिस मौके पर पहुँची और गम्भीर हालत में महिला को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहाँ उसका इलाज चल रहा है। थाना राया क्षेत्र में दलित महिला को दबंग द्वारा जलाकर मारने का प्रयास करने की जानकारी मिलते ही एसएसपी भी गांव पहुंच गए और घटनास्थल का मौका मुआयना किया।
एसएसपी का कहना था कि इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की धरपकड़ के प्रयास तेज कर दिए हैं।