आगरा। आयोजन कलश यात्रा का था मगर कलश यात्रा का सीन महाभारत के सीन में तब्दील हो गया । दो गुट बने। जमकर लात घूंसे चले। दो लोगों के विवाद ने संग्राम का रुप ले लिया और मारपीट का वीडियो शहर भर में वायरल हो गया।
दरअसल प्राचीन राजेश्वर महादेव मंदिर पर निर्माण कार्य के दौरान गुमटी पर सोने के कलश रखे जा रहे थे। इस दौरान एक विशाल कलश यात्रा का आयोजन किया गया था। विशाल कलश यात्रा शुरू होने से पहले ही बैंड बाजे वालों और कलश यात्रा में शामिल लोगों में मारपीट हो गई और कलश यात्रा महाभारत में तब्दील हो गई।
प्राचीन राजेश्वर महादेव मंदिर ट्रस्ट की ओर से आयोजित कलश यात्रा में सुहाग बैंड के लोग शामिल थे। कलश यात्रा शुरू होने से पहले ही सुहाग बैंड के कर्मचारियों और कलश यात्रा में शामिल लोगों के बीच विवाद हुआ। विवाद के बाद दोनों ओर से पहले जमकर गाली-गलौज मारपीट हुई और देखते ही देखते दो गुट बन गए। दोनों गुटों में लात घूसे और थप्पड़ों की जमकर बरसात हुई। सूचना पर पहुंचे इंस्पेक्टर सदर नवरत्न गौतम ने पहले समझाने-बुझाने और मामला शांत करने का प्रयास किया मगर आक्रोशित लोगों पुलिस के सामने भी नहीं रुके तो इंस्पेक्टर सदर को भी थप्पड़ मारने पड़े।
कलश यात्रा में महाभारत और मारपीट का यह वीडियो पूरे शहर में वायरल हो रहा है। इस वीडियो के वायरल होने के बाद लोगों में तरह-तरह की चर्चा है। धार्मिक आयोजन कलश यात्रा में महाभारत का यह वीडियो बड़ा रोमांचक है।