आगरा। थाना ताजगंज के बरौली अहीर ब्लॉक के गांव ब्रह्मनगर में बीती रात कच्छा बनियान धारी चोरों ने दो घरों को अपना निशाना बनाया। दोनों घरों में परिवार के लोग मौजूद थे। कच्छा बनियान गिरोह बैखोफ होकर चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। परिवार के लोगों ने सुबह उठने पर घर की स्थिति देखी तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गयी। चोर इन घरों से नगदी के साथ सोने चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए। पीड़ित लोगों ने इस पूरे मामले की शिकायत क्षेत्रीय पुलिस से की है। पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरु कर दी है।
पीड़ित ब्रह्मनगर निवासी श्यामलाल पेशे से किसान है। पीड़ित ने बताया कि गर्मी के चलते अपने परिवार के साथ वो छत पर सो रहे थे। श्यामलाल की पुत्री कृष्णा ने बताया कि नीचे कमरे में ताला लगा कर उसकी चाबी वह तकिये के नीचे रख कर सो गई थी। बाकी परिवार के सदस्य पास ही सो रहे थे। उसका कहना था कि चोरों ने पहले ताला तोड़ने का प्रयास किया। नहीं टूटने पर छत पर जाकर तकिये के नीचे से चाबी निकल ताला खोला और अंदर अलमारी के लॉकर के तोड़कर उसमे रखी 25 हजार की नगदी, 3 किलो चांदी, 5 तोले सोने के जेवर व दो मोबाइल ले गए। सुबह 4 बजे जागने पर तकिये के नीचे चाबी नहीं मिलने पर परिवार को चोरी की जानकारी हुई।
पीड़ित लोगों ने बताया कि ऐसा लगता है कि चोरो ने उन्हें पहले बेहोश कर दिया और उसके बाद चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। पीड़ित ने चोरों की संख्या 4 से 5 का अनुमान लगाया है।
उधर दूसरी चोरी पास ही मकान में राजमिस्त्री का कार्य कर रहे कल्लू के यहां हुई। चोर उसके यहां से 20 हजार की नगदी, जेवरात व मोबाइल ले गए। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में कच्छा बनियान धारी गिरोह जिसमें महिलाएं भी देखी गयी हैं, क्षेत्र में काफी दिनों से वारदात करने को घूम रहा था लेकिन अभी तक वारदात को अंजाम नही दे पाया था। शायद इस बार यह गिरोह सफल हो गया।