Home » एक साथ दो बेटों की हुई मौत से टूट गया परिवार, मौत की वजह भी पता नहीं

एक साथ दो बेटों की हुई मौत से टूट गया परिवार, मौत की वजह भी पता नहीं

by pawan sharma

फतेहपुर सीकरी। थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम जाजोली से मजदूरी करने जयपुर गए ग्रामीण के दो पुत्रों की खाना खाने के बाद अचानक मौत हो जाने से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। रविवार सांय गांव में मृतक दोनों भाइयों का सब पहुंचने से परिवार में हाहाकार मच गया। दोनों भाइयों का एक साथ अंतिम संस्कार किया गया तो गांव में हर किसी की आंखें नम हो गई।

ग्राम प्रधान जाजौली दरब सिंह व समाज सेवी हरी सिंह कुशवाहा ने बताया कि गांव का जवाहर सिंह जो अत्यंत गरीब है, जयपुर मजदूरी करने गया था। वह कई बर्षों से वही पर अपने पत्नी और बच्चों के साथ किराए का एक मकान लेकर रहता था और अपने परिवार का पालन पोषण कर रहा था। शनिवार की रात्रि में उसके पुत्र लवकुश कुशवाहा उम्र 14 वर्ष व प्रवीण कुशवाहा उम्र 12 वर्ष ने नित्य की भांति खाना खाया। दोनों भाई खाना खाने के बाद सो गए। रात 11 बजे करीब लव कुश की तबीयत अचानक खराब हुई। उसने उल्टी की तो पिता उसे नजदीकी हॉस्पिटल में ले गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुत्र का शव लेकर घर पहुंचे तो दो घंटे पश्चात ही प्रवीण की तबीयत खराब हुई। पुत्र की शव को रखा छोड़ पिता उसे भी हॉस्पिटल ले गए। हॉस्पीटल में इलाज शुरू होते ही उसने भी दम तोड़ दिया।

रविवार शाम 8 बजे करीब पोस्टमार्टम के बाद दोनों सगे भाइयों का शव गांव में पहुंचने से कोहराम मच गया। अंतिम संस्कार के समय दोनों भाइयों की एक साथ चिता जलते हुए देखकर महिला पुरुष दहाड़ मार कर रोने लगे। किन कारणों से किशोरों की मौत हुई है यह स्पष्ट नहीं हो सका है। राजस्थान पुलिस किशोरों की मौत मामले की जांच में जुटी है।

Related Articles

Leave a Comment