आगरा। जिले में केंद्र और प्रदेश की सरकार की उपलब्धियों को जन जन तक पहुंचाने के लिए हिन्दू युवा वाहिनी के जिलाध्यक्ष द्वारा निकाली जा रही जन चेतना यात्रा में ग्रामीणों ने उन्हें राम नाम की ईंट देकर राम मंदिर बनाने का सरकार का वायदा याद दिलाया। हियुवा ने जनभावना का सम्मान करते हुए ईंट ली और जनता की बात ऊपर तक पहुंचाने की भी बात कही।
हिन्दू युवा वाहिनी के जिलाध्यक्ष दानवीर परमार पिछले चार माह से जन चेतना यात्रा निकाल रहे हैं। रविवार शाम जब इनकी जन चेतना यात्रा जगनेर पहुंची तो यहां के निवासियों ने उनका सम्मान किया। सरकार की योजनाओं की जानकारी ली और उसके बाद उन्हें राम नाम लिखी हुई ईंट देकर सरकार का राम मंदिर बनाने का वायदा याद दिलाना शुरू कर दिया। यहां बाजार में दानवीर परमार को करीब 500 जगह से राम नाम लिखी ईंट दी गयी। इस प्रकरण ने राम मंदिर निर्माण के वायदे को एक बार फिर हवा दी है।
इस विषय में जिलाध्यक्ष हियुवा दानवीर परमार ने कहा कि वो पिछले चार माह से यात्रा निकाल रहे हैं और आज उन्हें उनके अपने क्षेत्र में लोगों द्वारा राम मंदिर लिखी ईंट देकर राम मंदिर निर्माण की बात कही है। हमने उनकी जनभावना का सम्मान करते हुए ईंट ले ली हैं और उनकी भावना को ऊपर तक पहुंचाने का काम हम करेंगे।