Agra. गौ तस्करी से जुड़े तस्करों को पकड़ने के लिए गयी धौलपुर के थाना कंचनपुर स्थित गांव कछपुरा में गयी आगरा पुलिस टीम को ग्रामीणों ने घेर लिया। ग्रामीणों द्वारा आरोपियों को छुड़ाने और हमला बोलने की स्थिति में पुलिस ने बचाव में गोली चला दी जिससे एक महिला घायल हो गई। पुलिस की एक टीम ग्रामीणों से बचकर 25 हजार के इनामी सहित चार तस्करों को आगरा लेकर निकल गई जबकि दूसरी टीम के दरोगा सहित पांच को स्थानीय थाने में बैठा लिया गया। इसकी जानकारी पर रात में एसएसपी मुनिराज धौलपुर पहुंच गए।
थाना एत्माद्दौला क्षेत्र में आठ मई को एसओजी और थाना पुलिस ने गौ तस्करों के गैंग से जुड़े नौ सदस्य गिरफ्तार किए थे। यह गैंग गोवंश खरीदता था और बिहार में ले जाकर बेच देता था। इस काम में गिरधारी नाम के व्यक्ति का नाम सामने आया था जो भाट जाति के लोगों को रुपये सड़क पर चलते हुए आवारा पशुओं और लोगों के घरों से गोवंशो की चोरी कराता था। पूछताछ के बाद गिरधारी के अलावा राजस्थान के कुछ लोगों का भी नाम सामने आया था।
बताया जाता है कि शुक्रवार को एक तस्कर की लोकेशन पता चल गई। थाना एत्माद्दौला खेरागढ़ पुलिस के साथ एसओजी की टीम ने मिलकर दबिश देकर गिरधारी नाम के तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। उसने पूछताछ में अपने कई साथियों के नाम बताए। इस सूचना पर गिरधर को लेकर धौलपुर के कंचनपुर थाना क्षेत्र के गांव कछपुरा में दबिश दी। यहाँ से तीन और तस्करों को पकड़ लिया।
पुलिस टीम चारों को लेकर आने लगी तभी तीनों आरोपियों के परिवार की महिलाएं और अन्य लोग एकजुट हो गए। पुलिस टीमों की घेराबंदी कर ली गई। ग्रामीणों ने पुलिस से खींचतान शुरू कर दी। आरोपियों को छुड़ाने का प्रयास किया। वर्दी भी खींचने लगे। इस दौरान शोर मचाया कि पुलिस की वर्दी में बदमाश आ गए हैं। जान बचाने के लिए एक दरोगा ने पिस्टल से हवाई फायर कर दिया। गोली एक महिला के कान के पास जा लगी। वह गिर पड़ी। महिला के लहूलुहान होने पर लोग उग्र हो गए। पुलिस की टीम आरोपियों को लेकर गांव से बाहर निकली।
उधर ग्रामीणों ने वर्दीधारी बदमाशों द्वारा अपहरण की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम पर दी। इस पर थाना कंचनपुर की पुलिस आ गई। आगरा पुलिस की एक टीम चारों आरोपियों को लेकर आने लगी। दूसरी टीम के एक दरोगा और चार सिपाही थाना कंचनपुर में घटना की जानकारी देने पहुंच गए। राजस्थान पुलिस भी आ गई। प्राइवेट बोलेरो में सवार पुलिसकर्मियों को रोक लिया। उन्हें थाने में ही बैठा लिया। इनमें एसआई हरिओम, हेड कांस्टेबल सुभाष, सिपाही रविंद्र, सचिन और धर्मेंद्र थे। थाने में पुलिसकर्मियों को बैठाने की जानकारी पर एसएसपी मुनिराज जी धौलपुर पहुंच गए और धौलपुर के एसएसपी से इस संबंध में वार्ता की।
पुलिस की गोली लगने से घायल हुई महिला को स्थानीय थाना पुलिस ने इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है जहाँ उसकी हालत गंभीर बनी है।